Odisha Assembly को संबोधित करने वाली पहली राष्ट्रपति होंगी Draupadi Murmu

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Nov 27, 2025

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू अपनी दो दिवसीय ओडिशा यात्रा के दौरान बृहस्पतिवार को राज्य विधानसभा को संबोधित करेंगी और ऐसा करने वाली देश की पहली राष्ट्रपति बन जाएंगी। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

विधानसभा अध्यक्ष सुरमा पाढ़ी ने बताया कि राष्ट्रपति का संबोधन शाम साढ़े चार बजे से साढ़े पांच बजे के बीच होगा। अध्यक्ष पाढ़ी ने पुष्टि की कि मुर्मू ओडिशा विधानसभा का दौरा करने वाली और उसे संबोधित करने वाली पहली राष्ट्रपति होंगी।

अधिकारियों ने बताया कि राष्ट्रपति मुर्मू दोपहर दो बजे बीजू पटनायक अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंचेंगी और 2.20 बजे राजभवन पहुंचकर कलिंग अतिथि निवास का उद्घाटन करेंगी।

राष्ट्रपति मुर्मू स्वयं ओडिशा से आती हैं और पूर्व में राज्य विधानसभा की सदस्य रही हैं। वह 2000 और 2004 में मयूरभंज जिले की राइरंगपुर सीट से दो बार विधायक चुनी गई थीं। वह बीजू जनता दल-भारतीय जनता पार्टी गठबंधन सरकार में 2000 से 2004 तक वाणिज्य एवं परिवहन तथा मत्स्य पालन मंत्री रहीं। उन्हें 2007 में सर्वश्रेष्ठ विधायक के लिए नीलकंठ पुरस्कार से सम्मानित किया गया था।

संसदीय कार्य मंत्री मुकेश महालिंग ने बताया कि मुर्मू राज्य की मंत्री के रूप में अपने कार्यकाल में जिस कमरा संख्या 11 से कार्य करती थीं, उसे उनकी यात्रा से पहले नवीनीकृत किया गया है और वह उस कक्ष का दौरा भी करेंगी।

राष्ट्रपति के संबोधन के दौरान राज्यपाल हरि बाबू कंभमपति, राज्य के सांसद और अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहेंगे। अधिकारियों के अनुसार, राष्ट्रपति की यात्रा के मद्देनजर भुवनेश्वर और विधानसभा के अंदर एवं आसपास विस्तृत सुरक्षा व्यवस्था की गई है। विधानसभा का शीतकालीन सत्र शुक्रवार से शुरू होगा और 31 दिसंबर तक चलेगा। मुर्मू 28 नवंबर को उत्तर प्रदेश के लिए रवाना होंगी।

प्रमुख खबरें

Priyanka Gandhi ने UDF पर भरोसा जताने के लिए केरल की जनता को धन्यवाद दिया

Messi के 14 दिसंबर को Mumbai दौरे के लिए कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है : पुलिस

इस सर्दी में दिल्ली में पराली जलाने की कोई घटना नहीं हुई: Delhi Chief Minister

Pakistan में ड्रोन के रिहायशी इलाके में गिरने से तीन बच्चों की मौत