By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Oct 20, 2026
एडेलवाइस फाइनेंशियल सर्विसेज की इकाई ईएएए इंडिया अल्टरनेटिव्स लिमिटेड का 1,200 करोड़ रुपये का आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) 26 अक्टूबर को खुलेगा। आईपीओ दस्तावेजों (आरएचपी) के मुताबिक, यह सार्वजनिक निर्गम 28 अक्टूबर को बंद होगा। एंकर निवेशक 23 अक्टूबर को शेयरों के लिए बोली लगा सकेंगे। कंपनी का आईपीओ पूरी तरह बिक्री पेशकश (ओएफएस) पर आधारित है। इसके तहत एडेलवाइस समूह अपनी हिस्सेदारी बेचेगा। निर्गम में कंपनी नए शेयर जारी नहीं करेगी।
वर्ष 2008 में स्थापित ईएएए इंडिया अल्टरनेटिव्स देश के प्रमुख वैकल्पिक निवेश मंच में शामिल है। कंपनी को दीर्घकालिक पूंजी के प्रबंधन का 15 साल से अधिक का अनुभव है। यह विभिन्न वैकल्पिक परिसंपत्ति वर्गों में निवेश के साथ ग्राहकों को आय और प्रतिफल आधारित निवेश समाधान उपलब्ध कराती है।
इस बीच, एसईसी एनवायर्नमेंटल टेक्नोलॉजीज लिमिटेड भी 27 अक्टूबर को अपना आईपीओ पेश करेगी। दस्तावेजों के अनुसार, इस निर्गम में 150 करोड़ रुपये तक के नए शेयर जारी किए जाएंगे। इसके अलावा, 1,56,82,750 तक इक्विटी शेयरों की बिक्री पेशकश (ओएफएस) भी लाई जाएगी। कंपनी का आईपीओ 29 अक्टूबर को बंद होगा, जबकि बड़े संस्थागत निवेशक 26 अक्टूबर को शेयरों के लिए बोली लगा सकेंगे।