By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Dec 17, 2020
नयी दिल्ली। चुनाव आयोग ने अगले साल अप्रैल-मई में पांच राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनावों की तैयारियां शुरू कर दी हैं। आयोग के दो वरिष्ठ अधिकारी अगले कुछ दिन में पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु जाने के लिये तैयार हैं। सूत्रों ने बुधवार को बताया कि चुनाव आयोग के महासचिव उमेश सिन्हा अगले सप्ताह तमिलनाडु जाएंगे। वहीं उप चुनाव आयुक्त सुदीप जैन अगले कुछ दिन में पश्चिम बंगाल जाएंगे। पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु, असम, केरल और पुडुचेरी की विधानसभाओं का कार्यकाल अगले साल अप्रैल से जून के बीच खत्म होने जा रहा है। अधिकतर राज्यों में जबरदस्त राजनीतिक मुकाबला देखने की उम्मीद की जा रही है।