सुशांत मामले में ईडी ने की सिद्धार्थ पीठानी और श्रुति मोदी से पूछताछ, अब खुलेंगे सारे राज़

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Aug 11, 2020

मुंबई। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने दिवंगत अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत के दोस्त एवं रूममेट सिद्धार्थ पाटनी तथा कारोबार प्रबंधक श्रुति मोदी से मंगलवार को पूछताछ की। यह पूछताछ अभिनेता की मौत से संबंधित धनशोधन के मामले के सिलसिले में की गई है। अधिकारियों ने बताया कि पाटनी और श्रुति मोदीसुबह 11 बजे बलार्ड एस्टेट इलाके में स्थित ईडी कार्यालय पहुंचे। उन्हें पेश होने के लिए सम्मन किया गया था। एजेंसी ने दोनों से सोमवार को भी पूछताछ की थी और धनशोधन रोकथाम अधिनियम (पीएमएलए) के तहत उनके बयान दर्ज किए थे। मोदी से पिछले हफ्ते भी पूछताछ की गई थी। आईटी पेशेवर पाटनी ने कई समाचार चैनलों से कहा था कि वह 14 जून को बांद्रा के फ्लैट पर मौजूद थे जब 34 वर्षीय अभिनेता ने खुदकुशी की थी। पाटनी ने बताया था कि वह राजपूत के साथ करीब एक साल से रह रहे थे और उन्होंने पहले मुंबई पुलिस में दुर्घटनावश मौत रिपोर्ट (एडीआर) के तहत अपना बयान दर्ज कराया था। ईडी ने सोमवार को मामले में मुख्य आरोपी अभिनेत्री रिया चक्रवर्ती (28) से करीब नौ घंटे पूछताछ की।

सूत्रों के अनुसार, रिया ने एजेंसी को बताया कि उन्होंने अपनी आय, बचत से संपत्ति में निवेश किया है और बैंक से ऋण लिया है। रिया पर राजपूत के पिता ने उनके बेटे को आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगाया है। शुरू में रिया ने उच्चतम न्यायालय में अपनी अपील लंबित होने का हवाला देकर ईडी के सामने पेश होने से इनकार कर दिया था। उच्चतम न्यायालय में मामले पर मंगलवार को सुनवाई होनी है। रिया के वकील सतीश मानशिंदे ने कहा था कि उनकी मुवक्किल कानून का पालन करने वाली नागरिक हैं और वह जांच में सहयोग करेंगी। रिया ने शीर्ष अदालत से दरख्वास्त की है कि बिहार पुलिस द्वारा उनके विरूद्ध दर्ज मामले को मुम्बई पुलिस को स्थानांतरित किया जाए। रिया ने शनिवार को अपने वकील के जरिए एक नोटबुक का पन्ना साझा किया और दावा किया कि राजपूत ने उनका तथा उनके परिवार का आभार जताने के लिए इस नोट को लिखा था। रिया ने एक पानी पीने के सिपर (बोतल) की भी तस्वीर साझा की जो राजपूत की 2019 में आई फिल्म ‘छिछोरे’ से जुड़ी प्रचार सामग्री है।

इसे भी पढ़ें: करीना कपूर खान के ताजा बयान पर लोगों को आया गुस्सा, अब नहीं देखी जाएगी बेबो की एक भी फिल्म!

उन्होंने मीडिया को तस्वीर के साथ भेजे संदेश में कहा, ‘‘सुशांत की केवल यही चीज मेरे पास बची हैं।’’ समझा जाता है कि पूछताछ के दौरान ईडी रिया, शौविक और मोदी का कुछ बैंक बयानों को रखकर आमना सामना कराया है। इन बैंक खातों में कथित रूप से पता चलता है कि राजपूत और रिया के खातों से छोटी रकम शौविक के खाते में भेजी गई है। राजपूत के 74 वर्षीय पिता के के सिंह ने पटना में 25 जुलाई को रिया, उनके पिता इंद्रजीत, मां संध्या चक्रवर्ती, शौविक, राजपूत के प्रबंधक मिरांडा, मोदी और अज्ञात लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी तथा उनके बेटे को खुदकुशी के लिए उकसाने का मामला दर्ज कराया। सीबीआई ने बृहस्पतिवार को एक नया मामला दर्ज किया और इन्हीं लोगों को आरोपी बनाया है। सिंह ने अपने बेटे के बैंक खातों में आर्थिक अनियमितता का भी आरोप लगाया है। अपनी शिकायत में सिंह ने आरोप लगाया है कि राजपूत के बैंक खाते से एक साल में 15 करोड़ रुपये उन खातों में भेजे गए जिनको दिवंगत अभिनेता नहीं जानते थे और उनका उनसे कोई संबंध था। ईडी की नजर राजपूत से संबंधित कम से कम दो कंपनियों और कुछ वित्तीय सौदों पर भी है जिनमें रिया, उनके पिता और शौविक शामिल हैं। इन्हीं लोगों को इन कंपनियों का निदेशक बताया गया है।

प्रमुख खबरें

Delhi में Jantar Mantar प्रदर्शन से पहले Abhijeet Dipke का दावा, PM मोदी डरे हुए हैं

10 अक्टूबर 1992 को Vidyasagar Setu हुआ था शुरू, जानिए इस तारीख की ऐतिहासिक घटनाएं

Sarvapitri Amavasya पर Shradh और Pind Daan से होगा Pitru Paksha का समापन

CEC Gyanesh Kumar के खिलाफ Jantar Mantar पर प्रदर्शन की कोशिश, 150 लोग हिरासत में