यंग इंडिया का दफ्तर सील, ED के हाथ लगे कई सबूत ! संसद से सड़क तक 'कांग्रेस' का रण

By अनुराग गुप्ता | Aug 04, 2022

नेशनल हेराल्ड से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग के केस में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की कार्रवाई लगातार जारी है। ईडी ने मंगलवार को नेशनल हेराल्ड के दफ्तर समेत 12 स्थानों पर छापेमारी की थी। इसके एक दिन बाद बुधवार को जांच एजेंसी ने हेराल्ड हाउस स्थित यंग इंडिया के दफ्तर को अस्थायी तौर पर सील कर दिया है। एक अधिकारी ने बताया कि तलाशी के दौरान यंग इंडिया के दफ्तर में एक भी जिम्मेदार कर्मचारी या अधिकारी मौजूद नहीं था। पर्याप्त समय दिए जाने के बावजूद उनमें से कोई भी दफ्तर नहीं पहुंचा। ऐसे में तलाशी की कार्रवाई पूरी नहीं हो पाई और फिर दफ्तर को सील करने का फैसला लिया गया।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, सूत्रों ने बताया कि तलाशी के दौरान खाता बही संदिग्ध लेनदेन की ओर इशारा करती हैं और तो और जांच एजेंसी को हवाला के जरिए लेनदेन के सबूत मिले हैं। जिसकी वजह से मामला और भी ज्यादा पेचीदा होता जा रहा है। इसी बीच कांग्रेस संसद से लेकर सड़क तक विरोध प्रदर्शन करती हुई दिखाई देगी। पार्टी की अंतरिम अध्यक्षा सोनिया गांधी और वायनाड सांसद राहुल गांधी के साथ पूछताछ के दौरान भी कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया था। उस वक्त इसे सत्याग्रह का नाम दिया गया था लेकिन अब 'रण' की बात की जा रही है। ऐसे में एआईसीसी कार्यालय, सोनिया गांधी और राहुल गांधी के आवास को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया है। जिसको लेकर कांग्रेस नेताओं ने केंद्र सरकार को निशाना भी बनाया।

कांग्रेस ने दावा किया कि नरेंद्र मोदी सरकार के इशारे पर दिल्ली पुलिस ने उसके मुख्यालय, सोनिया गांधी और राहुल गांधी के आवासों को घेर रखा है तथा उसके नेताओं के साथ आतंकवादियों जैसा सुलूक किया जा रहा है जो प्रतिशोध और धमकी की राजनीति है। जबकि पुलिस का कहना है कि ऐसी सूचना मिली थी कि कांग्रेस मुख्यालय पर प्रदर्शनकारी जमा हो सकते हैं, इसलिए ऐहतियातन यह कदम उठाया गया ताकि कोई अवांछित परिस्थिति न पैदा हो।

याचना नहीं, अब रण होगा

रामाधारी सिंह दिनकर की बहु चर्चित 'रश्मिरथी' की पंक्तियों के जरिए कांग्रेस ने 'रण' की बात कही है। कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने कहा कि आज जो हो रहा है, वह प्रतिशोध और धमकी की राजनीति है। परंतु एक कहावत है, विनाशकाले विपरीत बुद्धि। इस समय महंगाई, बेरोजगारी, जीएसटी का विनाशकाल है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार 2 हफ्ते तक संसद में महंगाई पर चर्चा से भागती रही। अब 5 अगस्त को हमारे प्रदर्शन को रोकने के लिए गृहमंत्री और दिल्ली पुलिस आज से ही शुरुआत कर चुके हैं। जो धमकी देते हैं, जो प्रतिशोध की राजनीति करते हैं, जो भय का वातावरण फैलाते हैं, वही डरते हैं। डरने वाले हम नहीं हैं।

इसे भी पढ़ें: अपने आंदोलन से पीछे नहीं हटेगी कांग्रेस, अजय माकन बोले- हम किसी दबाव में नहीं आएंगे 

भाजपा ने साधा निशाना

भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि ईडी की कार्रवाई से विपक्षी पार्टी डर क्यों रही है। कांग्रेस पहले सत्याग्रह की बात कर रही थी और अब सत्याग्रह की जगह रण की बात कर रही है। संबित पात्रा ने कहा कि देश के कानून के साथ युद्ध संभव नहीं है। कानून किसी को नहीं छोड़ता है। देश का कानून तो सभी के लिए समान होता है।

संबित पात्रा ने कहा कि भ्रष्टाचार और रण दोनों नहीं हो सकता है। भ्रष्टाचार हुआ है तो पकड़े जाएंगे। भ्रष्टाचार हुआ है तो कानून के सामने पेश होना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि पूरी दुनिया में कभी ऐसा हुआ है कि कोई चोरी करते हुए पकड़ा जाए और पुलिस आए तो वो बोले कि मैंने चोरी की है। कोई ये थोड़ी न बोलता है कि मैंने चोरी की है और कांग्रेस भी ऐसा ही कर रही है।

प्रमुख खबरें

FIFA World Cup: अर्जेंटीना फाइनल में, जीत के बाद Jordan Pickford की Secret Bottle पढ़ते दिखे Lionel Messi

Lando Norris की मुश्किलें बढ़ीं, Belgian Grand Prix में इंजन सुधार के चक्कर में मिली 10-place Grid Penalty की मार

Global Food Tech मार्केट में बड़ी हलचल, Uber ने Delivery Hero डील के साथ DoorDash को दी कड़ी टक्कर

Fuel Efficiency पर सख्त हुई सरकार, 2027 से Passenger Vehicles के लिए लागू होंगे नए Carbon Emission मानक