By अंकित सिंह | Apr 08, 2023
महाराष्ट्र के सीएम एकनाथ शिंदे शिवसेना के सांसदों और विधायकों के साथ उत्तर प्रदेश के अयोध्या के लिए रवाना हो गए हैं। वह रविवार को रामलला के दर्शन करेंगे। एकनाथ शिंदे ने कहा कि अयोध्या में संतों ने कार्यक्रम आयोजित किए है और हम उनमें शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि पूर्व में पालघर में साधुओं की हत्या की गई थी, लेकिन अब हम अपने साधुओं की रक्षा करेंगे। पालघर में भी कार्यक्रम का आयोजन है, उसमें भी मैं शामिल होऊंगा। उन्होंने साफ तौर पर कहा कि बीजेपी और शिवसेना सरकार में कानून-व्यवस्था कायम रहेगी। शिवसेना के मंत्रियों, सांसदों और विधायकों के ठहरने के लिए मंदिर नगरी के लगभग सभी होटल, गेस्ट हाउस और धर्मशालाएं बुक कर ली गई हैं।
पिछले साल 30 जून, 2022 को मुख्यमंत्री का पद संभालने के बाद पहली बार नौ अप्रैल को अयोध्या की अपनी यात्रा से पहले शिंदे ने शुक्रवार शाम करीब 4.40 बजे जय श्री राम के नारों के बीच ठाणे स्टेशन पर ट्रेन को हरी झंडी दिखाई थी। विशेष ट्रेन से यात्रा करने वाले शिवसेना के कार्यकर्ता रविवार को शहर में उतरने पर अपने नेता (एकनाथ शिंदे) का स्वागत करेंगे। इस ट्रेन पर ‘‘चलो अयोध्या’’ लिखा हुआ बोर्ड लगाया गया था। 7 मार्च, 2020 को; उन्होंने तत्कालीन मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे के साथ उद्धव ठाकरे सरकार में मंत्री के रूप में अयोध्या का दौरा किया था। तीसरी बार मंत्री के रूप में शिंदे ने 15 जून, 2022 को आदित्य ठाकरे की अयोध्या यात्रा के दौरान मंदिरों के इस शहर का दौरा किया था।