El Nino के असर से हिंदुकुश हिमालय में बढ़ेगा बाढ़ और हिमस्खलन का संकट, ICIMOD की रिपोर्ट में चेतावनी

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 23, 2026

(शिरीष बी. प्रधान) काठमांडू, 23 नवंबर अल नीनो के प्रबल प्रभाव के कारण हिंदुकुश हिमालय क्षेत्र के कुछ हिस्सों में सामान्य से अधिक बारिश हो सकती है जिससे सर्दियों के दौरान नेपाल में बाढ़, भूस्खलन और हिमस्खलन का खतरा बढ़ने की आशंका है। एक रिपोर्ट में यह आशंका जताई गई है। काठमांडू स्थित अंतरराष्ट्रीय एकीकृत पर्वतीय विकास केंद्र (आईसीआईएमओडी), ‘बीजिंग नॉर्मल यूनिवर्सिटी’ और चीनी विज्ञान अकादमी के वायुमंडलीय भौतिकी संस्थान ने संयुक्त रूप से ‘हिंदुकुश हिमालय विंटर आउटलुक 2026’ रिपोर्ट तैयार की है।

इसमें नेपाल, अफगानिस्तान और बांग्लादेश समेत कई देशों में सामान्य से अधिक बारिश होने का अनुमान जताया गया है। रिपोर्ट में चेतावनी दी गई है कि भारी बारिश और बर्फबारी के कारण पश्चिमी हिमालय के कुछ इलाकों में बाढ़, भूस्खलन और हिमस्खलन की घटनाएं हो सकती हैं। वहीं, इस क्षेत्र के कुछ हिस्सों में लंबे समय तक शुष्क मौसम रहने और जंगलों में आग लगने का खतरा बढ़ सकता है।

यह रिपोर्ट ऐसे समय आई है, जब अमेरिका के राष्ट्रीय महासागरीय एवं वायुमंडलीय प्रशासन (एनओएए) ने अल नीनो का प्रभाव प्रबल से अत्यंत प्रबल रहने की जानकारी दी है। प्रशासन के अनुसार, लगभग 60 प्रतिशत संभावना है कि अल नीनो का प्रभाव 1950 में रिकॉर्ड रखे जाने की शुरुआत के बाद से सबसे अधिक प्रबल हो सकता है। आईसीआईएमओडी के वैज्ञानिकों ने कहा कि इस मौसमी घटना के कारण हिमालय की तलहटी में अधिक बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में अधिक बर्फबारी हो सकती है।

यह रिपोर्ट नेपाल और भूटान में मानसून के दौरान आई विनाशकारी आपदाओं के बाद सामने आई है। इन आपदाओं का संबंध ऊंचे पर्वतीय क्षेत्रों में हिमनद और स्थायी रूप से जमी रहने वाली जमीन (पर्माफ्रॉस्ट) में हो रहे बदलावों से था। अगस्त में नेपाल में आई विनाशकारी भोटेकोशी बाढ़ में कम से कम 1,500 लोगों की मौत हो गई थी और 5,000 से अधिक लोग लापता हो गए थे।

अनुमान है कि राहत और पुनर्निर्माण कार्यों पर देश को 4.7 अरब अमेरिकी डॉलर खर्च करने की जरूरत है। रिपोर्ट में अफगानिस्तान, पाकिस्तान, उत्तरी भारत और नेपाल के कुछ हिस्सों में बर्फ की सामान्य से अधिक मोटी परत जमने का अनुमान जताया गया है, जबकि भूटान और चीन के पूर्वी शिजांग के कुछ इलाकों में बर्फ की परत सामान्य से पतली रहने की संभावना है। रिपोर्ट के अनुसार, बर्फ की परत की मोटाई नदियों में पानी का प्रवाह बनाए रखने और अगले वर्ष पानी की उपलब्धता तय करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।

बर्फ की परत कम मोटी होने से सिंचाई, जलविद्युत उत्पादन और प्राकृतिक जलस्रोतों से पानी के प्रवाह पर असर पड़ सकता है। रिपोर्ट में चेतावनी दी गई है, ‘‘सर्दियों में अधिक बारिश होने का मतलब यह नहीं है कि जंगलों में आग लगने का खतरा नहीं रहेगा। हिंदुकुश हिमालय क्षेत्र के अन्य हिस्सों में लंबे समय तक शुष्क मौसम रहने की आशंका है जिससे घास और अन्य वनस्पतियां इतनी सूख सकती हैं कि उनमें आसानी से आग लग जाए।’’ रिपोर्ट में दक्षिण-पूर्वी शिजांग और म्यांमा के कुछ हिस्सों में जंगलों और घास के मैदानों में आग लगने की आशंका अधिक से बहुत अधिक जताई गई है।

आईसीआईएमओडी के जलविज्ञानी मनीष श्रेष्ठ ने कहा, ‘‘आपदाओं से निपटने की तैयारी केवल मानसून तक सीमित नहीं होनी चाहिए। बारिश का समय और उसकी तीव्रता लगातार बदल रही है। ऐसे में स्थानीय अधिकारियों को तैयारियों की योजना बनाने के लिए मौसम के पूर्वानुमान और कब तथा कहां कदम उठाने हैं, यह तय करने के लिए स्थानीय स्तर पर अगले कुछ दिनों के मौसम की जानकारी की जरूरत है।’’ आईसीआईएमओडी इस रिपोर्ट के निष्कर्षों पर 25 से 27 नवंबर तक काठमांडू में आयोजित होने वाले एक अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में चर्चा करेगा।

सम्मेलन का विषय ‘हिंदुकुश हिमालय के हिममंडल के लिए विज्ञान, नीति और क्षेत्रीय सहयोग को आगे बढ़ाना’ है।

प्रमुख खबरें

Pune Police ने अवैध रूप से रह रहीं 19 विदेशी महिलाओं को पकड़ा, डिपोर्टेशन शुरू

HIMUDA की टाउनशिप योजना के खिलाफ Baddi के 14 पंचायतों के किसान, दी आंदोलन की चेतावनी

Ukraine War: रूस से रिश्ते सुलह कराने में मददगार, Dutch Foreign Minister टॉम बेरेन्डसेन का बयान

Nagpur में Air Fest 2026 संपन्न, Sukhoi 30 और सूर्य किरण टीम ने दिखाया हैरतअंगेज करतब