HIMUDA की टाउनशिप योजना के खिलाफ Baddi के 14 पंचायतों के किसान, दी आंदोलन की चेतावनी

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 23, 2026

हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले के बद्दी क्षेत्र की करीब 14 पंचायतों के किसानों ने रविवार को टाउनशिप के लिए भूमि अधिग्रहण की राज्य सरकार की योजना के खिलाफ आंदोलन करने और कानूनी लड़ाई लड़ने की चेतावनी दी। उन्होंने इस संबंध में हिमुडा द्वारा जारी अधिसूचना रद्द करने की मांग की। परियोजना के दायरे में आने वाली जमीन के मालिक ग्रामीणों ने कहा, ‘‘हम बद्दी में एक ‘मिनी चंडीगढ़’ नहीं चाहते।’’ उन्होंने कहा कि क्षेत्र को सड़कों, अस्पतालों, स्कूलों, स्वास्थ्य सुविधाओं और रोजगार के अवसरों की जरूरत है, न कि ऐसे विकास की, जिसके कारण लोगों को अपनी पैतृक जमीन और घर छोड़ने के लिए मजबूर होना पड़े।

प्रस्तावित ‘हिम-चंडीगढ़’ टाउनशिप सोलन जिले के बद्दी-बरोटीवाला-नालागढ़ औद्योगिक क्षेत्र के शीतलपुर में विकसित की जानी है। यह चंडीगढ़ से करीब 30 किलोमीटर दूर है। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने इस साल जनवरी में दावा किया था कि तीन पंचायतें इस परियोजना के लिए जमीन देने को तैयार हैं।

हिमाचल प्रदेश शहरी विकास प्राधिकरण (हिमुडा) ने 23 अक्टूबर को एक अधिसूचना जारी कर बताया था कि सरकार निजी भूमि सहित 8,000 बीघा से अधिक जमीन का अधिग्रहण करने का प्रस्ताव रखती है। प्रस्तावित टाउनशिप के विरोध में प्रभावित गांवों के किसानों ने बैठक की और घोषणा की कि वे किसी भी परिस्थिति में परियोजना के लिए अपनी पैतृक और निजी जमीन नहीं देंगे। उन्होंने 28 और 30 नवंबर को राज्यपाल और मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपने का भी फैसला किया।

मुख्यमंत्री सुक्खू ने 17 नवंबर को सदन में बताया था कि सरकार ने चंडीगढ़ में कोई जमीन नहीं बेची है, बल्कि 8,000 बीघा जमीन आवास विभाग को हस्तांतरित की है। बैठक के दौरान किसानों ने प्रशासनिक अधिकारियों के कामकाज पर भी सवाल उठाए। उनका आरोप है कि अधिकारियों ने जमीनी हकीकत और स्थानीय लोगों की आपत्तियों को सरकार के सामने सही तरीके से पेश नहीं किया।

बैठक में पूर्व विधायक परमजीत सिंह, हंसराज चंदेल, भाग सिंह कुंडलस, कृष्ण कौशल, चिंतराम, संजीव ठाकुर, चरणदास, विधि चंद राणा, जिला परिषद सदस्य राज कुमार और बीडीसी उपाध्यक्ष अशोक कुमार सहित अन्य स्थानीय निवासी मौजूद थे।

प्रमुख खबरें

Pune Police ने अवैध रूप से रह रहीं 19 विदेशी महिलाओं को पकड़ा, डिपोर्टेशन शुरू

Ukraine War: रूस से रिश्ते सुलह कराने में मददगार, Dutch Foreign Minister टॉम बेरेन्डसेन का बयान

Nagpur में Air Fest 2026 संपन्न, Sukhoi 30 और सूर्य किरण टीम ने दिखाया हैरतअंगेज करतब

India vs New Zealand: वाशिंगटन और प्रसिद्ध के झटकों से बैकफुट पर कीवी टीम, लंच तक 157 पर 4 विकेट