By अंकित सिंह | Nov 26, 2024
भारत निर्वाचन आयोग ने राज्यसभा की 6 रिक्त सीटों के लिए सोमवार को अधिसूचना जारी कर दी। उच्च सदन के लिए चुनाव 20 दिसंबर को होंगे और नतीजे भी उसी दिन घोषित किये जायेंगे। आंध्र प्रदेश, ओडिशा, पश्चिम बंगाल और हरियाणा राज्यसभा के लिए छह सदस्यों का चुनाव करेंगे। राज्यसभा में रिक्तियों में वेंकटरमन राव द्वारा खाली की गई सीट शामिल है जिन्होंने इस साल अगस्त में इस्तीफा दे दिया था, बीधा मस्तान राव ने भी अगस्त में इस्तीफा दे दिया था और रायगा कृष्णैया ने सितंबर में इस्तीफा दे दिया था।
राज्यसभा सांसदों का चुनाव राज्यों में विधायकों द्वारा एकल हस्तांतरणीय वोट (एसटीवी) प्रणाली के साथ आनुपातिक प्रतिनिधित्व प्रक्रिया के माध्यम से किया जाता है। विधायक हर सीट के लिए वोट नहीं करते. इसके बजाय, विधायकों को अपनी प्राथमिकता के क्रम में अलग-अलग उम्मीदवारों की सूची बनानी होगी। इसलिए, राज्यसभा के लिए निर्वाचित होना राज्य में किसी विशेष पार्टी के विधायकों की संख्या पर निर्भर करेगा। हालाँकि, यदि विधायक क्रॉस वोटिंग करते हैं, तो इसमें मोड़ आ सकते हैं, जैसा कि फरवरी में हिमाचल प्रदेश में हुआ था।