By एकता | Sep 07, 2026
रिलेशनशिप में फिजिकल इंटीमेसी जितनी जरूरी है, उससे कहीं ज्यादा जरूरी इमोशनल इंटीमेसी (Emotional Intimacy) होती है। इसका मतलब सिर्फ एक-दूसरे के करीब रहना नहीं, बल्कि पार्टनर की आदतों, व्यवहार, पसंद-नापसंद और भावनाओं को समझना भी है। जब कपल बिना किसी झिझक के अपने डर, परेशानियां, असुरक्षाएं और दिल की बातें एक-दूसरे से शेयर करते हैं, तो रिश्ते में भरोसा बढ़ता है और बॉन्डिंग मजबूत होती है।
एक छोटी सी तारीफ और अपने पार्टनर के प्रति प्यार जताना उनका पूरा दिन बेहतर बना सकता है। जब आप उन्हें बताते हैं कि उनकी कौन-सी बात आपको अच्छी लगती है या आप उनकी किस चीज की कद्र करते हैं, तो उन्हें रिश्ते में अपनी अहमियत महसूस होती है।
इसके लिए हमेशा कोई बड़ा सरप्राइज देने की जरूरत नहीं है। सुबह घर से निकलते समय पार्टनर के लिए एक छोटा सा लव नोट छोड़ सकते हैं या दिन में अचानक एक प्यारा सा मैसेज भेज सकते हैं। जैसे- "आज तुम बहुत अच्छे लग रहे हो" या "तुम्हारा मेरे साथ होना मेरे लिए बहुत मायने रखता है।"
इमोशनल इंटीमेसी बढ़ाने का सबसे आसान तरीका है कि जब पार्टनर आपसे बात करे तो उसकी बात को ध्यान से सुनें। हर बार समस्या का समाधान बताना जरूरी नहीं होता। कई बार इंसान सिर्फ इतना चाहता है कि कोई उसकी बात समझे और बिना जज किए उसे सुने।
इसलिए जब पार्टनर अपने ऑफिस, परिवार या किसी निजी परेशानी के बारे में बात करे तो मोबाइल या दूसरी चीजों में व्यस्त होने के बजाय उसे पूरा ध्यान दें।
रिश्ता तभी मजबूत होता है जब दोनों लोग एक-दूसरे के सामने अपनी भावनाएं खुलकर रख सकें। अगर आप किसी बात से परेशान हैं, डर रहे हैं या किसी चीज को लेकर असुरक्षित महसूस कर रहे हैं, तो उसे मन में दबाकर रखने के बजाय पार्टनर से बात करें।
अपनी कमजोरियां शेयर करने से रिश्ता कमजोर नहीं होता, बल्कि दोनों के बीच भरोसा और बढ़ सकता है। इससे पार्टनर को भी आपको बेहतर तरीके से समझने का मौका मिलता है।
एक ही घर में रहना और साथ में समय बिताना दो अलग चीजें हैं। अगर दोनों अपने-अपने मोबाइल, काम या दूसरी जिम्मेदारियों में व्यस्त रहते हैं तो धीरे-धीरे भावनात्मक दूरी बढ़ सकती है।
इसलिए रोजाना कुछ समय ऐसा जरूर निकालें जब दोनों बिना किसी डिस्ट्रैक्शन के साथ बैठकर बात कर सकें। साथ में खाना खाना, टहलने जाना, चाय पीते हुए बातचीत करना या बस कुछ देर एक-दूसरे के साथ बैठना भी रिश्ते को मजबूत बनाने में मदद कर सकता है।
पार्टनर की छोटी-छोटी पसंद और जरूरतों को याद रखना भी प्यार जताने का एक अच्छा तरीका है। उन्हें किस तरह की चाय पसंद है, उन्हें कौन-सी फिल्म अच्छी लगती है या किसी खास दिन उन्हें किस चीज की जरूरत होती है, इन छोटी बातों का ध्यान रखना उन्हें स्पेशल महसूस करा सकता है।
हर रिश्ते में मतभेद होना सामान्य है, लेकिन बहस के दौरान एक-दूसरे को नीचा दिखाना, पुरानी बातें निकालना या अपमानजनक शब्दों का इस्तेमाल करना रिश्ते में भावनात्मक दूरी बढ़ा सकता है। कोशिश करें कि समस्या पर बात हो, एक-दूसरे पर हमला न हो। अगर गुस्सा बहुत ज्यादा है तो कुछ समय शांत रहने के बाद बातचीत करना बेहतर हो सकता है।
इमोशनल इंटीमेसी के लिए पार्टनर को यह महसूस होना जरूरी है कि वह आपके सामने खुद को खुलकर व्यक्त कर सकता है। उसकी बातों का मजाक उड़ाने, उसकी भावनाओं को नजरअंदाज करने या उसकी निजी बातों को दूसरों के साथ शेयर करने से बचें।
जब पार्टनर को भरोसा होता है कि उसकी बातें सुरक्षित हैं और उसे बिना जज किए सुना जाएगा, तो वह धीरे-धीरे अपने मन की बातें और ज्यादा खुलकर शेयर करता है।
इमोशनल इंटीमेसी किसी रिश्ते की मजबूत नींव की तरह होती है। प्यार सिर्फ साथ रहने या एक-दूसरे के करीब आने से नहीं बढ़ता, बल्कि समझने, सुनने, सम्मान देने और भावनाओं को महत्व देने से भी बढ़ता है। रिश्ते में छोटी-छोटी कोशिशें लंबे समय में कपल के बीच गहरा जुड़ाव और भरोसा बनाने में मदद कर सकती हैं।