बिहार में BJP कार्यकर्ताओं का उत्साह चरम पर, क्या 'अपना' CM बनाने का मौका मिलेगा?

By अंकित सिंह | Nov 14, 2025

बिहार में एनडीए की जबरदस्त जीत होती हुई दिखाई दे रही है। अब तक के रुझानों की माने तो एनडीए 206 सीटों पर आगे चल रहा है। इन सबके बीच सबसे बड़ी बात यह है कि अकेले भाजपा 95 सीटों पर आगे चल रही है। वहीं अब इस बात की चर्चा तेज हो चुकी है कि क्या बिहार में भाजपा का नया मुख्यमंत्री हो सकता है? ऐसा इसलिए क्योंकि भाजपा नीतीश के बगैर भी सरकार बनाने की स्थिति में दिखाई दे रही है। वर्तमान के आंकड़ों को देखें तो भाजपा 95, लोजपा 20, जीतन राम मांझी और उपेंद्र कुशवाहा की पार्टी को मिला लें तो 9 सीटों पर आगे चल रही है। ऐसे में यह आंकड़ा 124 का पहुंच रहा है। बिहार में बहुमत के लिए 122 सीटों की आवश्यकता होती है।

हालांकि हम आपको स्पष्ट कर दें कि भाजपा के तमाम नेता यह बार-बार कह रहे हैं कि यह चुनाव नीतीश कुमार के नेतृत्व में लड़ा गया था और ऐसे में नीतीश कुमार आगे मुख्यमंत्री बनेंगे। हालांकि भाजपा कार्यकर्ताओं में आंकड़ों को देखने के बाद एक अलग उत्साह दिखाई दे रहा है। राष्ट्रीय जनता दल (राजद) सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव दो बार बिहार के मुख्यमंत्री रह चुके हैं, लेकिन उनके बेटे तेजस्वी यादव और तेज प्रताप यादव के लिए 2025 के विधानसभा चुनाव में अपनी स्थिति बनाए रखना मुश्किल हो रहा है।

चुनाव आयोग द्वारा राघोपुर विधानसभा क्षेत्र में दोपहर 1:50 बजे जारी मतगणना के रुझानों के अनुसार, महागठबंधन के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार और राजद नेता तेजस्वी यादव 3230 मतों से पीछे चल रहे हैं। इस सीट पर 30 में से 10 राउंड की मतगणना हो चुकी है। पूर्व विधायक और भाजपा उम्मीदवार सतीश कुमार इस सीट पर आगे चल रहे हैं। 2010 में, जनता दल (यूनाइटेड) [जदयू] के तत्कालीन नेता सतीश कुमार ने तेजस्वी की मां और पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी को राघोपुर सीट से 13,006 मतों के अंतर से हराकर एक बड़ा राजनीतिक उलटफेर किया था।

इसे भी पढ़ें: 'जनसंपर्क करें, रैलियां नहीं', बिहार में खराब प्रदर्शन के बीच दिग्विजय सिंह ने कांग्रेस को दी सलाह

तेजस्वी के भाई तेज प्रताप यादव, जिन्होंने राजद छोड़ने के बाद अपनी पार्टी जनशक्ति जनता दल (JJD) का दामन थामा था, महुआ में 26 में से 11 राउंड की मतगणना के बाद 26,041 वोटों के बड़े अंतर से पीछे चल रहे हैं, उन्हें सिर्फ़ 12,061 वोटों की बढ़त मिली है। चुनाव आयोग के आंकड़ों के अनुसार, लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के संजय कुमार सिंह इस सीट पर आगे चल रहे हैं।

प्रमुख खबरें

Sensex और Nifty में भारी गिरावट, शुरुआती कारोबार में 730 अंक टूटा बाजार

Pitru Paksha में सपने में पूर्वजों का दिखना देता है खास संकेत, स्वप्न शास्त्र ने बताया पूरा अर्थ

केरलम में Operation Toofan के तहत 12584 गिरफ्तारियां, गृह मंत्री ने शुरू किया दूसरा चरण

Bhagat Singh Jayanti: CM Yogi Adityanath और Akhilesh Yadav ने शहीद-ए-आजम को किया नमन