By दिव्यांशी भदौरिया | Nov 23, 2026
सर्दियों की शुरुआत हो चुकी है। उत्तर भारत में सबसे ज्यादा ठंड दिसंबर-जनवरी के महीने में देखी जाती है। दिल्ली, यूपी, बिहार, पहाड़ों की तरफ हांड कंपा देने वाली ठंड पड़ती है, तो ऐसे में मन करता है कि किसी ऐसी जगह पर जाएं, जहां धूप हो, हल्की हवा हो और स्वेटर-रजाई की जरुरत न पड़े।
इस बार भी सर्दी की ठंड से दूर आप भारत की इन खास जगहों पर घूमने जा सकते हैं। भारत में ऐसी कई जगहें, जहां सर्दियों में भी मौसम बिल्कुल समर जैसा रहता है। बीच पर धूप सेंक सकते हैं या फिर हाउसबोट में घूम सकते हैं और बिना ठंड से कांपे मस्त ऐतिहासिक किले देख सकते हैं। आइए आपको बताते हैं इन 5 बेस्ट जगहों के बारे में, जहां आप सर्दियों में गर्म मौसम का एहसास ले सकते हैं।
ठंड में घूमने के लिए 5 गर्म जगह
सर्दियों के मौसम में इन जगहों पर जाने का करें प्लान-
गोवा
जब उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड पड़ती है, तो ज्यादातर लोग गोवा जाने का प्लान करते हैं। दिन में तापमान 25 से 32 डिग्री के बीच रहता है, हल्की हवा चलती है और धूप भी काफी सुकून वाली होती है।
गोवा क्यों जाएं?
ठंड के मौसम में गोवा घूमने के लिए सबसे अच्छा टाइम होता है। यहां पर आप अंजुना के फ्ली मार्केट में शॉपिंग कर सकते हैं, पालोलेम जैसे शांत बीच पर आराम कर सकते हैं और पुराने चर्च में घूम सकते हैं। न उमस होगी, न पसीना, बस मस्ती होगी। यहां जाने के लिए बेस्ट टाइम दिसंबर से लेकर फरवरी माना जाता है।
केरल
केरल को गॉड्स ओन कंट्री के नाम से जाना जाता है। विंटर सीजन में यहां पर तापमान 23 से 31 डिग्री के बीच में माना जाता है। न ज्यादा गर्मी और न ठंड, बस हल्की धूप और हरियाली दिखाई देती है।
क्यों जाएं?
केरल के अलेप्पी में हाउसबोट पर एक रात गुजारना, वर्कला के बीच पर सनसेट देखना और फोर्ट कोच्चि की गलियों में घूमना, ये सब सर्दियों में और भी खास हो जाता है। इधर न बरसात का डर, न गर्मी की थकान होगी। आप इधर नवंबर से लेकर फरवरी के महीने में जा सकते हैं।
राजस्थान
सर्दियों के समय राजस्थान घूमना सबसे अच्छा समय होता है। गर्मियों के समय यहां घूमना इतना ठीक नहीं होता है। दिन में तापमान 22 से 28 डिग्री रहता है, धूप भी खिली रहती है। रात के समय ठंड बढ़ जाती है। इसलिए अपने साथ हल्की शॉल रखें।
यहां क्यों जाएं?
राजस्थान में जयपुर-जोधपुर के बड़े-बड़े किले, उदयपुर की झीलों में बोटिंग और जैसलमेर में ऊंट की सफारी, यह सर्दी की धूप में घूमने का मजा अलग कर देते हैं। वहीं, फोटो भी एकदम साफ और सुंदर आती है। वैसे यहां घूमने के लिए सबसे अच्छा महीना नवंबर से फरवरी माना जाता है।
पांडिचेरी
यदि आपको शांत जगह काफी पसंद है, भीड़भाड़ से दूर रहना चाहते हैं, तो आप एक बार पांडिचेरी जरुर जाएं। सर्दी के समय यहां का तापमान 22 से 30 डिग्री होता है। समुद्र की हवा और फ्रेंच कॉलोनी की गलियां, मन को एकदम फ्रेश करती हैं।
क्यों जाएं?
सुबह के समय रॉक बीच पर वॉक करें, दोपहर को फ्रेंच क्वार्टर में साइकिलिंग और शाम को किसी छोटे कैफे में कॉफी, पांडिचेरी की स्लो लाइफ लोगों को सबसे ज्यादा पसंद आएगी। वैसे कपल्स के लिए भी यह जगह सबसे खास है। अक्तूबर से मार्च के बीच जा सकते हैं।
अंडमान-निकोबार
यदि आप विंटर में समर वाली फीलिंग चाहते हैं, तो अंडमान से बेस्ट कोई जगह नहीं है। यहां दिन में तापमान 26 से 30 डिग्री रहता है, पानी एकदम साफ और मौसम ट्रॉपिकल।
यहां क्यों जाएं?
सर्दी के समय यहां समंदर काफी शांत रहता है, इसलिए स्कूबा डाइविंग और स्नॉर्कलिंग के लिए यह सबसे अच्छा टाइम है। वहीं, हैवलॉक और नील आइलैंड के सफेद रेत वाले बीच पर लेटकर धूप सेंकने का मजा काफी अलग होगी है। वैसे यहां पर नवंबर से अप्रैल के बीच जाना काफी सही है।