By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 23, 2026
स्वतंत्र थिंक टैंक लोवी इंस्टीट्यूट के ‘एशिया पावर इंडेक्स 2026’ के अनुसार, भारत ने एशिया के तीसरे सबसे शक्तिशाली देश तथा एक ‘‘प्रमुख ताकत’’ के रूप में अपनी स्थिति और मजबूत की है। इस सूचकांक में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को क्षेत्र का दूसरा सबसे प्रभावशाली नेता आंका गया है। वर्ष 2026 के सूचकांक में भारत का पावर स्कोर 0.5 अंक बढ़कर 40.5 हो गया है।
इसके साथ ही चीन और भारत के बीच अंकों का अंतर 2018 के बाद से सबसे कम हो गया है। सूचकांक के अनुसार, अमेरिका और चीन ‘2026 में एशिया की महाशक्तियां’ हैं तथा 100 में से अमेरिका को 78.9 और चीन को 73.6 अंक मिले हैं। इस साल भारत ने एशिया में अपना प्रभाव बढ़ाते हुए एक प्रमुख शक्ति के रूप में अपनी स्थिति मजबूत की है।
क्षेत्रीय रक्षा सहयोग बढ़ने और दक्षिण-पूर्व एशिया के देशों को ब्रह्मोस मिसाइलों की बिक्री से भारत के रक्षा संबंध मजबूत हुए हैं। वहीं, व्यापार और निवेश के स्थिर संबंधों के कारण भारत उन चुनिंदा देशों में शामिल रहा, जिनके आर्थिक संबंध कमजोर नहीं पड़े। एशिया पावर इंडेक्स 2026 में कहा गया है, ‘‘भारत का कूटनीतिक प्रभाव बरकरार रहा।
विशेषज्ञों ने चीन के राष्ट्रपति शी चिनफिंग के बाद प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को क्षेत्र का दूसरा सबसे प्रभावशाली नेता माना। हालांकि, खाड़ी क्षेत्र के संघर्ष के दौरान भारत की सीमित सक्रियता ने वैश्विक नेतृत्व के रूप में मोदी की छवि को लेकर विशेषज्ञों की राय को प्रभावित किया।’’ वर्ष 2026 में भारत को सांस्कृतिक प्रभाव के क्षेत्र में सबसे अधिक 2.3 अंकों का फायदा हुआ। वहीं, आर्थिक क्षमता के मामले में उसे सबसे ज्यादा 0.7 अंक का नुकसान हुआ।
इसके अलावा रक्षा नेटवर्क में 2.1 अंक, भविष्य के संसाधनों में 1.2 अंक और सैन्य क्षमता में 0.5 अंक का सुधार हुआ। इस साल लचीलेपन, आर्थिक संबंधों और कूटनीतिक प्रभाव के मामले में भारत के अंक अपरिवर्तित रहे। नवीनतम सूचकांक के अनुसार, आर्थिक क्षमता के मामले में भारत का स्कोर 26.4 और सांस्कृतिक प्रभाव का स्कोर 43.8 रहा।
वहीं, कूटनीतिक प्रभाव के मामले में भारत को 70.3 अंक मिले। लोवी इंस्टीट्यूट का एशिया पावर इंडेक्स 2026 कुल 131 मानकों के आधार पर एशिया के 27 देशों और क्षेत्रों की रैंकिंग करता है। इसका उद्देश्य यह आकलन करना है कि एशिया में किस देश के पास कितनी शक्ति और प्रभाव है।
सूचकांक के अनुसार, अमेरिका और चीन के बीच शक्ति के मामले में अंतर घटकर केवल 5.3 अंक रह गया है। अमेरिका (78.9) और चीन (73.6) के बीच यह अब तक का सबसे कम अंतर है। 2018 में सूचकांक शुरू होने के बाद से ऐसा पहली बार हुआ है।
सैन्य क्षमता के मामले में भी दोनों देशों के बीच का अंतर अब तक के सबसे निचले स्तर पर पहुंच गया है। अमेरिका का कूटनीतिक प्रभाव स्कोर छह अंक गिरकर 76.7 रह गया है। यह अब तक की सबसे बड़ी गिरावट है और लगातार चौथे साल इसमें कमी आई है।
इसके पीछे ईरान युद्ध, दंडात्मक शुल्क (टैरिफ) और दक्षिण कोरिया के साथ सैन्य अभ्यास कम करने जैसे कारण शामिल हैं। दक्षिण-पूर्व एशिया कार्यक्रम और एशिया पावर इंडेक्स के निदेशक हंटर मार्स्टन ने कहा, ‘‘क्षेत्र में उथल-पुथल के बावजूद शक्ति का क्षेत्रीय संतुलन अब भी मुख्य रूप से दो ध्रुवों के बीच बना हुआ है। अमेरिका और चीन का दबदबा कायम है।
न तो मध्यम शक्तियों का कोई समूह और न ही बढ़ता हुआ सत्तावादी गठबंधन इन दोनों देशों की जगह ले पा रहा है।’’