By अनन्या मिश्रा | Nov 10, 2026
उम्र बढ़ने के साथ ही महिलाओं के शरीर में कई तरह के बदलाव आते हैं। खासकर मेनोपॉज के बाद कई सारे हार्मोनल बदलाव आने लगते हैं। जिसका असर जोड़ों और हड्डियों पर पड़ता है। इस दौरान महिलाओं को कमर, घुटने, कूल्हों और उंगलियों में दर्द महसूस होने लगता है। महिलाएं कई बार इन लक्षणों को उम्र का सामान्य असर समझकर नजरअंदाज कर देती हैं। लेकिन लगातार दर्द होना गठिया की बीमारी हो सकती है। ऐसे में आज इस आर्टिकल के जरिए हम आपको गठिया के उन लक्षणों के बारे में बताने जा रहे हैं, जोकि मेनोपॉज के कारण होते हैं।
क्या मेनोपॉज के बाद सुबह बिस्तर से उठना, सीढ़ियां चढ़ने या कुछ देर तक चलना भी मुश्किल होने लगा है। अगर जोड़ों में दर्द और अकड़न की समस्या लगातार बनी रहती है। तो इस समस्या को हल्के में नहीं लेना चाहिए। मेनोपॉज के दौरान एस्ट्रोजन हार्मोन का लेवल कम होने से जोड़ों और हड्डियों पर असर पड़ सकता है। इससे कुछ महिलाओं में जोड़ों की परेशानियां अधिक बढ़ जाती है। हालांकि हर महिला में गठिया होने की आशंका एक तरह नहीं होती है और जोड़ों का दर्द हमेशा गठिया नहीं होती है।
इसे भी पढ़ें: Health Tips: Blood Sugar कंट्रोल करने और Body Detox के लिए रोज सुबह लें उबली Tulsi की पत्तियां
मेनोपॉज के बाद गठिया होने की सबसे मुख्य वजह शरीर में एस्ट्रोजन हार्मोन की कमी होती है। दरअसल, पीरियड्स के समय महिलाओं के शरीर में एस्ट्रोजन भरपूर बनता है। यह हार्मोन हड्डियों को मजबूत करने के साथ जोड़ों के बीच के चिकने तरल पदार्थ को बनाए रखता है और सूजन होने से भी रोकता है। वहीं 45 से 50 साल की उम्र के बाद जब मेनोपॉज आता है, तो एस्ट्रोजन लेवल एकदम से कम हो जाता है। जिस कारण हड्डियां कमजोर होने लगती हैं। जोड़ों के बीच का लुब्रिकेशन धीरे धीरे सूखने लगता है और शरीर में सूजन बढ़ाने वाला तत्व बढ़ जाता है।
वहीं जब जोड़ों का लुब्रिकेशन कम होता है, तो हड्डियों आपस में रगड़ खाने लगती हैं। जिसको ऑस्टियोआर्थराइटिस कहा जाता है। इसका सबसे बड़ा फर्क कूल्हे, उंगलियों और घुटनों में होता है। वहीं शरीर में सूजन ज्यादा बढ़ने से इम्यून सिस्टम जोड़ों पर हमला करने लगता है, इसको रूमेटाइड आर्थराइटिस कहा जाता है।
मेनोपॉज के आसपास जोड़ों में दर्द और अकड़न की समस्या होती है , इसके कुछ खास लक्षण होते हैं।
अगर सुबह उठने पर उंगलियों, घुटनों या कलाई में 30 मिनट से अधिक जकड़न महसूस होती है, तो यह गठिया का शुरूआती संकेत हो सकता है।
हल्का काम करने पर भी कूल्हों या घुटनों में दर्द और हल्की सूजन दिखे। कई बार जोड़ों को छूने पर गर्माहट महसूस होती है, तो यह भी गठिया का एक अहम लक्षण है।
इसके लिए आपको अपनी डाइट में दही, दूध, रागी, पनीर और हरी सब्जियां शामिल करना चाहिए। वहीं रोजाना कम से कम 15 से 20 मिनट तक धूप में बैठें, जिससे कि विटामिन D की कमी पूरी हो सके।
जोड़ों को ठीक रखने के लिए रोजाना एक्सरसाइज करना चाहिए। प्रयास करें कि रोजाना टहलें, योगा करें, जिससे कि हाथ-पैरों में लगातार मूवमेंट होता रहे।
धीरे-धीरे शुरूआत करें और दर्द अधिक बढ़ने पर व्यायाम में बदलाव के लिए डॉक्टर की सलाह लें।
इसके साथ ही अपने खानपान का विशेष ध्यान रखें। खाने में विटामिन डी और कैल्शियम से जुड़ी चीजों को शामिल करें। वेट संतुलित रखें, जिससे कि घुटनों और कूल्हों पर पड़ने वाला दबाव कम किया जा सके।
अगर आपके जोड़ों का दर्द भी रोजाना के कामों को प्रभावित कर रहा है, तो आप डॉक्टर से जांच करा सकती हैं। वहीं जरूरत के हिसाब से फिजियोथेरेपी और दवाओं की मदद ले सकती हैं। हालांकि कुछ मामलों में हार्मोन रिप्लेसमेंट थेरेपी पर भी विचार किया जा सकता है, लेकिन हर महिला के लिए यह उपयुक्त नहीं होती है। इसके अलावा इसको शुरू करने से पहले डॉक्टर से इसके फायदे और नुकसान को समझना जरूरी है।