सब कुछ सही चल रहा था फिर हुआ कुछ ऐसा कि सैफ को अमृता से लेना पड़ा तलाक

By प्रिया मिश्रा | Aug 16, 2021

बॉलीवुड के नवाब और अपनी बोल्ड एक्टिंग के लिए मशहूर अभिनेता सैफ अली खान का आज जन्मदिन है। सैफ अपना 51वां जन्मदिन मनाने के लिए करीना और दोनों बेटों के साथ मालदीव पहुंचे हैं। सैफ ने दिल चाहता है, ओमकारा, लाल कप्तान, तान्हाजी और तांडव जैसी फिल्मों में अपनी शानदार एक्टिंग से दर्शकों को प्रभावित किया है। सैफ न केवल अपनी फिल्मों बल्कि अपनी पर्सनल लाइफ को लेकर भी खूब चर्चा में रहते हैं। उन्होंने अपनी उम्र से 12 साल बड़ी एक्ट्रेस अमृता सिंह से शादी करके यह साबित कर दिया था कि वे ज़िंदगी को अपनी शर्तों पर जीने में विश्वास रखते हैं। सैफ और अमृता की शादी भले ही सफल न रह पाई हो लेकिन सैफ आज भी अपने बच्चों के लिए एक आदर्श पिता हैं। आज इस खास मौके पर हम आपको बताएंगे कि आखिर क्यों सैफ और अमृता ने तलाक लेने का फैसला किया था- 

परिवारवालों की मर्जी के खिलाफ जाकर की थी अमृता से शादी 

सैफ और अमृता के लिए शादी की राह आसान नहीं थीं। जहाँ अमृता उस समय एक सुपरस्टार थीं, सैफ बॉलीवुड में अपनी पहचान बनाने के लिए संघर्ष कर रहे थे। इसके अलावा सैफ अली खान और अमृता सिंह की उम्र में भी अंतर था। अमृता उम्र में सैफ से 12 साल बड़ी थीं और सैफ के घरवाले उनकी शादी के लिए राजी नहीं थे। लेकिन तमाम बाधाओं के बावजूद सैफ और अमृता ने तय कर लिया था कि वे एक-दूसरे के बिना नहीं रह सकते। दोनों ने परिवार की इच्छा के खिलाफ जाकर 1991 में शादी कर ली। उस वक्त अमृता की उम्र 33 साल थी जबकि सैफ अली खान उस समय 21 साल के थे। अमृता ने शादी से पहले इस्लाम धर्म कुबूल किया और दोनों ने इस्लाम धर्म के मुताबिक शादी की थी। दोनों के दो बच्चे - सारा और इब्राहिम हैं।

इसे भी पढ़ें: प्रियंका चोपड़ा ने पति निक के साथ मिलकर भारत के लिए जुटाए 30 लाख अमेरिक डॉलर, वीडियो शेयर कर दी जानकारी

शादी के 13 साल बाद लिया था तलाक लेने का फैसला 

दोनों का रिश्ता अच्छा चल रहा था। लेकिन शादी के 13 साल बाद दोनों ने तलाक लेने का फैसला कर लिया। मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो सैफ अली खान का इटेलियन मॉडल रोजा के साथ एक्स्ट्रामैरिटल अफेयर था। सैफ, रोजा के साथ मुंबई में रहने लगें थे और यहीं से अमृता और सैफ के बीच दूरियां बढ़ने लगी। इसके बाद 2004 में दोनों ने तलाक ले लिया। हालाँकि, अपने एक इंटरव्यू के दौरान सैफ ने कहा था कि उनके और अमृता के तलाक की वजह अमृता के व्यवहार में बदलाव था। वहीं, यह भी कहा जाता है कि अमृता ने सैफ से 5 करोड़ रुपए बतौर एलिमनी  मांगे थे। इन पैसों को लेकर भी सैफ और अमृता के बीच खूब बवाल हुआ था। खबरों के मुताबिक तलाक के कुछ समय बाद तक सैफ को उनके बच्चों से मिलने की इजाज़त नहीं थी क्योंकि कोर्ट ने दोनों बच्चों की कस्टडी अमृता को दी थी। आपको बता दें कि सैफ ने 16 अक्टूबर 2012 को एक्ट्रेस करीना कपूर से शादी कर ली थी। हाल ही में करीना ने अपने दूसरे बेटे को जन्म दिया है। सैफ और करीना ने अपने छोटे बेटे का नाम जहांगीर अली खान रखा है।

- प्रिया मिश्रा 

प्रमुख खबरें

बिल्कुल नहीं.... What Women Want पर Kareena Kapoor और Mira Rajput की चटपटी बातें बनीं चर्चा का टॉपिक

Saudi Arabia पर Houthi हमलों की निंदा, कनाडा और जर्मनी के रक्षा मंत्रियों से हुई बात

डबल इंजन डबल जीरो हो गया, अखिलेश यादव ने बीजेपी पर कसा तंज

Mock Parliament या Public Impeachment को लेकर क्या कहता है भारत का संविधान?