कांग्रेस के राष्ट्रीय अधिवेशन में उठा EVM का मुद्दा, खड़गे बोले- ये सब फ्रॉड है, हर संस्था में अपना वर्चस्व बढ़ा रही सरकार

By अंकित सिंह | Apr 09, 2025

कांग्रेस अहमदाबाद में दो दिवसीय सीडब्ल्यूसी बैठक कर रही है। इसके साथ ही कांग्रेस पार्टी ने मोदी सरकार के खिलाफ़ अपना अभियान तेज़ कर दिया है। अब कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि मोदी सरकार की योजनाएं विफल हैं क्योंकि बेरोज़गारी का मुद्दा अभी भी बड़ा बना हुआ है। देश में ख़तरा यह है कि पूरे भारत में बेरोज़गारी बहुत ज़्यादा है। उन्होंने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री देश के ग़रीबों के बारे में नहीं सोच रहे हैं, लेकिन कांग्रेस पार्टी देश की अखंडता की रक्षा करेगी और सभी समाजों के कल्याण के लिए काम करेगी।

कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि सांप्रदायिक संस्थाओं, उनके जहरीले सिद्धांतों तथा कामों का सही उत्तर ये होगा कि कांग्रेस प्रबल जनमत तैयार करे ताकि वे प्रभावहीन हो जाएं। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले 11 वर्ष में सत्ताधारी दल संविधान पर चोट कर रहा है। हमारे संवैधानिक मूल्यों, संवैधानिक प्रावधानों, संवैधानिक संस्थाओं पर लगातार हमला हो रहा है और इसको रोकना जरूरी है। हाल में हुए संसद के बजट सत्र में सरकार ने मनमाने तरीके से सदन चलाया। सदन में नेता विपक्ष राहुल गांधी जी को बोलने नहीं दिया गया। लोकतंत्र में यह लज्जा की बात है। ये दिखाता है कि मौजूदा सरकार किस मानसिकता के साथ चल रही है, इसलिए हमें आवाज उठाना जरूरी है, क्योंकि आज जो हो रहा है, वैसा पहले कभी नहीं हुआ।

खड़गे ने दावा किया कि जन सरोकार के जरूरी मुद्दों पर बहस करने के बजाय सरकार सांप्रदायिक ध्रुवीकरण के लिए रात के तीन-चार बजे तक संसद में बहस कराती रही और मणिपुर जैसे मुद्दे पर रात के साढ़े चार बजे बहस शुरू होती है। हमने हमेशा मणिपुर के मुद्दे पर चर्चा करनी चाही, लेकिन कभी भी सरकार इसके लिए नहीं मानी। इसका मतलब है कि सरकार जनता से अपनी नाकामी छिपाना चाहती है। जब देश के लोग सो रहे थे, तब कई महत्वपूर्ण बिल आधी रात को सदन में लाए गए। यह सरकार आहिस्ता-आहिस्ता लोकतंत्र को खत्म कर रही है। 

कांग्रेस अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि देश की अर्थव्यवस्था में मोनोपॉली स्थापित की जा रही है। सार्वजनिक संपत्तियों को धीरे-धीरे निजी हाथों में सौंपा जा रहा है। PSUs बेचकर लाखों सरकारी नौकरियों को खत्म कर ST, SC, OBC वर्ग के आरक्षण पर चोट की जा रही है। दलित और पिछड़े वर्ग के लोगों को आरक्षण देना तो दूर की बात है, उल्टे मोदी सरकार एक-एक करके सारे PSUs अपने दोस्तों को सौंप रही है। अगर ऐसा ही चलता रहा तो नरेंद्र मोदी एक दिन देश बेच देंगे। उन्होंने कहा कि आज सरकार चुनाव आयोग से लेकर संसद तक अपना विस्तार करने की कोशिश में है। चुनाव कराने वाली संस्थाएं सरकार के कंट्रोल में हैं। सरकार हर संस्था में दखल देकर अपना वर्चस्व बढ़ा रही है। 

इसे भी पढ़ें: 'बिना सोचे-समझे बोलने की आदत', कंगना रनौत के बयान पर भड़कीं कांग्रेस कांग्रेस नेता मुमताज पटेल

मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि आजादी के बाद जवाहरलाल नेहरू जी ने देश के निर्माण में अपनी भागीदारी निभाई। देश के लिए संपत्तियां बनाईं, लेकिन आज मोदी सरकार उन संपत्तियों को बेच रही है। नरेंद्र मोदी पोर्ट, एयरपोर्ट, पॉवर, खदानें, मीडिया हाउस, टेली-कम्युनिकेशन सेक्टर और सैटेलाइट प्रोजेक्ट बिना किसी ऑक्शन के अपने मित्रों को सौंप रहे हैं, जो कि राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए खतरा है। ये कोई व्यक्तिगत या पार्टी का मामला नहीं है, बल्कि देश से जुड़ा हुआ मामला है, इसलिए हम सभी को इस बारे में सोचना होगा। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र विधानसभा चुनावों में जो फ्रॉड किया गया, वैसा देश में कभी नहीं हुआ। ये सिर्फ लोकतंत्र को तंग और तबाह करने के लिए किया गया। हम पीछे हटने वाले नहीं हैं। वोटर लिस्ट में जो गड़बड़ियां हुई हैं, हम उनपर काम कर रहे हैं। जो चोर चोरी करता है, वो एक न एक दिन पकड़ा जाता है।

प्रमुख खबरें

Europe का बड़ा फैसला, अब बिना Charger मिलेगा Laptop, ग्राहकों के बचेंगे हजारों रुपये

Barabanki-Bahraich Highway: 9000 पेड़ों पर अटकी Forest Clearance, NHAI और वन विभाग आमने-सामने

Ahmedabad में AI का सबसे बड़ा धोखा! Deepfake वीडियो से बिजनेसमैन के नाम पर लिया लाखों का Loan.

EPFO का Digital Revolution: अब e-Prapti Portal से Aadhaar के जरिए एक्टिव करें पुराना PF खाता.