By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 20, 2026
(कुशान सरकार) वेलिंगटन, 20 नवंबर भारत के तेज गेंदबाज चेतन शर्मा की 1987 के वनडे विश्व कप में ली गई ऐतिहासिक हैट्रिक में तीसरे बल्लेबाज के रूप में आउट होने वाले इवेन चैटफील्ड ने खुलासा किया कि असल में उन्हें उस गेंद का सामना ही नहीं करना था। इस घटना को लगभग 40 साल हो गए हैं, लेकिन सोशल मीडिया के आने के बाद से पूर्व भारतीय तेज गेंदबाज चेतन की हैट्रिक का वीडियो जब तब चैटफील्ड के अकाउंट में दिखाई देता है और वह इससे बच नहीं सकते। चैटफील्ड ने बेसिन रिजर्व में पीटीआई से उस घटना से जुड़ा एक किस्सा साझा किया, जिसमें चेतन विश्व कप में हैट्रिक लेने वाले पहले गेंदबाज बने थे।
उन्होंने कहा, ‘‘मुझे बल्लेबाजी करने के लिए आना ही नहीं था। मैं तो बस इसलिए आया क्योंकि विली वॉटसन बल्लेबाजी के लिए तैयार नहीं थे, क्योंकि हमने दो विकेट (केन रदरफोर्ड और इयान स्मिथ) लगातार गेंद पर गंवा दिए थे। विली तैयार नहीं थे और मैं तैयार था, इसलिए मुझे ही बल्लेबाजी करने जाना पड़ा।
दुर्भाग्य से मैं इस हैट्रिक में आउट होने वाला तीसरा बल्लेबाज था।’’ चैटफील्ड 76 साल के हैं और उन्होंने खेल से काफी दूरी बना रखी है। उन्होंने न्यूजीलैंड की तरफ से 43 टेस्ट और 114 वनडे सहित कुल 157 मैच खेले हैं और 263 विकेट लिए। एक दशक से भी अधिक समय तक वह सर रिचर्ड हैडली के साथ नई गेंद संभालते रहे थे जिस पर उन्हें आज भी गर्व है।
लेकिन क्या उनके बीच कोई प्रतिस्पर्धा थी? चैटफील्ड ने कहा, ‘‘नहीं। मेरी अपनी शैली थी।
मैं बहुत तेज गति से गेंदबाजी नहीं करता था लेकिन मेरा अपनी लाइन और लेंथ पर अच्छा नियंत्रण था। मैं एक छोर से दबाव बनाए रखता था, जिससे रिचर्ड को दूसरे छोर से आक्रामक गेंदबाज़ी करने का मौका मिल जाता था। वह यही चाहते थे।
रिचर्ड आक्रामक गेंदबाज़ थे।’’ उन्होंने कहा, ‘‘मुझे टीम में गेंदबाज के तौर पर चुना गया था। सच कहूं तो दूसरे छोर पर उनके होने से फायदा मिलता था। शुरुआत में मैं हवा के विपरीत दिशा से गेंदबाज़ी करता था, लेकिन ऐसा नहीं था कि उनके स्पेल खत्म होने के बाद मैं गेंदबाज़ी करने आता था।’’ हैडली से उनकी मुलाकात अक्सर नहीं होती, लेकिन एक बात उन्हें जोड़ती है।
इन दोनों का जन्मदिन तीन जुलाई को है लेकिन चैटफील्ड उनसे एक साल बड़े हैं। चैटफील्ड ने कहा, ‘‘हमारा जन्मदिन एक ही दिन पड़ता है, इसलिए हम दोनों में से कोई एक दूसरे को फोन करके हालचाल पूछ लेता है। लेकिन मैं शायद पिछले तीन साल से उनसे नहीं मिला हूं।’’ चैटफील्ड को उन खिलाड़ियों पर बहुत गर्व है जिन्होंने 1980 के दशक में न्यूजीलैंड का प्रतिनिधित्व किया।
उनमें हैडली, क्रो बंधु मार्टिन और जेफ, मार्टिन स्नेडन, जेरेमी कोनी, जॉन ब्रैसवेल, जॉन राइट और लांस केर्न्स शामिल थे। उन्होंने कहा, ‘‘मैं बस क्रिकेट खेलना चाहता था और न्यूजीलैंड की तरफ से दुनिया भर के विभिन्न देशों में खेलना चाहता था। वह बहुत ही शानदार टीम थी।
मतलब, 80 के दशक में हमारी टीम काफी अच्छी थी और हम सब आपस में अच्छे से घुलमिल गए थे और हमने अच्छा प्रदर्शन किया।’’ न्यूजीलैंड के लिए 14 साल खेलने वाले चैटफील्ड चकाचौंध से दूर ही रहे। लेकिन वेलिंगटन हवाई अड्डे से कैब बुक करते समय उबर ऐप पर इवेन चैटफील्ड का नाम देखकर हैरान न हों। वह काफी समय से शहर में टैक्सी चला रहे हैं।
उन्होंने कहा, ‘‘मैं टैक्सी चलाता रहूंगा। लेकिन कुछ महीने पहले मेरा एक्सीडेंट हो गया था, इसलिए फिलहाल मैं गाड़ी नहीं चला सकता। लेकिन उम्मीद है कि कुछ महीनों में फिर से टैक्सी चलाना शुरु कर दूंगा।’’ चैटफील्ड से पूछा गया कि जब वह आसानी से कोचिंग या कमेंट्री कर सकते थे तो उन्होंने टैक्सी चलाने का फैसला क्यों किया।
उन्होंने कहा, ‘‘मुझे नौकरी करनी ही थी और मुझे पता चला कि यह काफी आसान काम है। इस काम में काफी लंबा समय देना पड़ता है, लेकिन मेरी उम्र बढ़ रही थी और मैं अपनी पसंद के दूसरे काम नहीं कर पा रहा था, इसलिए मैंने यही काम चुना।’’ चैटफील्ड ने हालांकि कहा कि कोचिंग या कमेंट्री में उनकी ज्यादा दिलचस्पी नहीं थी। उन्होंने 60 साल से अधिक आयु वर्ग की क्रिकेट प्रतियोगिताओं में भी भाग लिया।
उन्होंने पहले टेस्ट मैच के पहले दिन जसप्रीत बुमराह को पहली बार गेंदबाजी करते हुए देखा। वह अपने घर में क्रिकेट मैच नहीं देखते क्योंकि स्काई टीवी इसके लिए पैसे लेता है। चैटफील्ड ने कहा, ‘‘मेरे घर पर स्काई टीवी नहीं है, इसलिए मैं घर में कोई मैच नहीं देखता, लेकिन मैं बेसिन रिजर्व में होने वाले मैचों में जाता हूं।
मेरे पास विदेशी खिलाड़ियों को देखने का यही एकमात्र मौका होता है।’’