भाजपा को लगा एक और झटका, उत्तराखंड के सांसद खंडूरी के बेटे कांग्रेस में शामिल

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Mar 16, 2019

देहरादून। उत्तराखंड की पौड़ी सीट से लोकसभा सांसद और वरिष्ठ भाजपा नेता भुवन चंद्र खंडूरी के पुत्र मनीष खंडूरी शनिवार को यहां राहुल गांधी की जनसभा के दौरान कांग्रेस में शामिल हो गये। मनीष के कांग्रेस में शामिल होने के बाद पिछले कई दिनों से उनके पार्टी में शामिल होने की अटकलों पर विराम लग गया है। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने मंच पर उनका पार्टी में स्वागत किया और उनके आने पर खुशी जाहिर की। मनीष के पिता की ईमानदारी, सच्चाई और कर्मठता की तारीफ करते हुए गांधी ने कहा कि आज उन्हें इस बात की बहुत खुशी है कि खंडूरी जी (मनीष) यहां बैठे हैं। उन्होंने मनीष को आगे बुलाया और जनता से उनका परिचय कराते हुए कहा, ‘इनके पिता को तो आप अच्छी तरह से जानते ही हैं।’

कांग्रेस अध्यक्ष ने मनीष के अपनी पार्टी में आने का कारण भी जनता से साझा किया और कहा कि अपनी पूरी जिंदगी सेना और देश की रक्षा के लिये देने वाले भुवनचंद्र खंडूरी को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने केवल इसलिये संसद की रक्षा समिति के अध्यक्ष पद से हटा दिया क्योंकि उन्होंने सरकार से यह कहा था कि सेना के पास न तो उपयुक्त हथियार हैं और न ही उसकी तैयारी ठीक है। गांधी ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री मोदी ने सवाल उठाने वाले एक सच्चे देशभक्त को समिति के अध्यक्ष पद से हटा दिया। उन्होंने कहा कि मोदी तथा भाजपा में सच्चाई के लिये कोई जगह नहीं है। 

इसे भी पढ़ें: प्रियंका के राजनीति में आने से नहीं पड़ेगा भाजपा पर असर: योगी आदित्यनाथ

पूर्व मुख्यमंत्री और अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिव हरीश रावत ने भी मनीष खंडूरी का पार्टी में स्वागत करते हुए कहा कि एक उम्रदराज नेता होने के नाते वह (मनीष) उनके लिये भतीजे के समान हैं और वह उन्हें आशीर्वाद देते है। मनीष खंडूरी ने कहा कि वह कांग्रेस में शामिल होकर अच्छा महसूस कर रहे है और वह पार्टी की मजबूती के लिए काम करेंगे।

प्रमुख खबरें

Prayagraj में कार्यक्रम रद्द होने पर Rahul Gandhi का हुंकार: छात्रों की आवाज नहीं दबा सकती सरकार

Spider-Man: Brand New Day का बॉक्स ऑफिस पर धमाका: टॉय स्टोरी 5 को पछाड़ा, 2026 की सबसे बड़ी ग्लोबल हिट!

Bigg Boss 20 का नया टीज़र आउट: सलमान खान के तथास्तु और वरदान ने बढ़ाया सस्पेंस, जानें क्या होगी इस बार की थीम!

राहुल गांधी को कोई गंभीरता से नहीं लेता: कांग्रेस नेता के आरोपों पर Piyush Goyal का पलटवार