By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | May 21, 2019
सभी प्रमुख चैनलों की ओर से प्रसारित एक्जिट पोल में भाजपा नीत राजग को बहुमत मिलने का अनुमान लगाए जाने की पृष्ठभूमि में कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने सोमवार को पार्टी कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि वे अफवाहों एवं एक्जिट पोल पर ध्यान ना दें, और स्ट्रांग रूम तथा मतगणना केंद्रों पर डंटे रहें। कार्यकर्ताओं को जारी ऑडियो सन्देश में प्रियंका ने कहा, 'आप लोग, अफ़वाहों और एक्जिट पोल से हिम्मत मत हारिये। यह अफवाहें आपका हौसला तोड़ने के लिये फैलाई जा रही है। इस बीच आपकी सावधानी और भी महत्वपूर्ण बन जाती है। स्ट्रांग रूम और मतगणना केंद्रों पर डटे रहिए और चौकन्ने रहिए।'
इसे भी पढ़ें: क्या प्रज्ञा के बयान पर भाजपा के पास रुख स्पष्ट करने की हिम्मत है: प्रियंका
उन्होंने कहा, 'हमें पूरी उम्मीद है कि हमारी और आपकी मेहनत का फल मिलेगा।' गौरतलब है कि 19 मई को आये तकरीबन सभी प्रमुख एक्जिट पोल में राजग को बहुमत मिलने का अनुमान लगाया गया है।