देवेंद्र फडणवीस का 2029 तक सीएम रहने का दावा! एकनाथ शिंदे के लिए सियासी कुर्सी का अप्रत्यक्ष संदेश- कांग्रेस की चुटकी

By रेनू तिवारी | Oct 23, 2025

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने बुधवार को कहा कि वह 2029 तक अपने वर्तमान पद पर बने रहेंगे और सत्तारूढ़ गठबंधन की संरचना में कोई बदलाव नहीं होगा। राष्ट्रीय राजनीति में उनकी भूमिका के बारे में पूछे जाने पर फडणवीस ने कहा, "जहाँ तक मुझे अपनी पार्टी का पता है...दिल्ली अभी बहुत दूर है। मैं 2029 तक महाराष्ट्र का मुख्यमंत्री बना रहूँगा।" वह दिवाली के अवसर पर मुंबई स्थित अपने आधिकारिक आवास 'वर्षा' में मीडियाकर्मियों से बातचीत में बोल रहे थे।

फडणवीस ने स्पष्ट किया कि वर्तमान सत्तारूढ़ गठबंधन, जिसमें भाजपा, एकनाथ शिंदे की शिवसेना और अजित पवार की राकांपा शामिल हैं, में कोई बदलाव नहीं होगा। उन्होंने आगे कहा, "न तो कोई नया साझेदार बनेगा और न ही साझेदारों की अदला-बदली होगी।" वरिष्ठ भाजपा नेता ने स्थानीय निकाय चुनावों से पहले राज्य की मतदाता सूची में विसंगतियों का आरोप लगाने के लिए विपक्ष पर भी निशाना साधा। स्थानीय निकाय चुनाव 31 जनवरी, 2026 तक पूरे होने हैं। 

कांग्रेस की महाराष्ट्र इकाई के प्रवक्ता सचिन सावंत ने बृहस्पतिवार को दावा किया कि मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस का यह बयान कि वह 2029 तक शीर्ष पद पर बने रहेंगे, उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के लिए एक अप्रत्यक्ष संदेश है। राष्ट्रीय राजनीति में अपनी भूमिका के सवाल पर फडणवीस ने बुधवार को संवाददाताओं से कहा था, “दिल्ली अभी दूर है।” और स्पष्ट किया कि वह 2029 तक महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री बने रहेंगे।

इसे भी पढ़ें: India To Cut Russian Oil Imports | अमेरिकी प्रतिबंधों के आगे झुका भारत?? रूस से तेल खरीद में होगी भारी कटौती! Reuters Report

सावंत ने ‘पीटीआई वीडियो’ से कहा, “यह उन लोगों के लिए एक अप्रत्यक्ष संदेश है, जो मुख्यमंत्री पद पर नजर गड़ाए हुए हैं। वह सीधे शिंदे साहब से तो बोल नहीं सकते, इसलिए अप्रत्यक्ष रूप से यह बात कह रहे हैं। साथ ही, वह अपनी पार्टी के उन लोगों को भी संकेत दे रहे हैं, जो स्थिति पर कड़ी नजर रखे हुए हैं।’’ राज्य में सत्तारूढ़ महायुति गठबंधन में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा), उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की शिवसेना और उपमुख्यमंत्री अजित पवार के नेतृत्व वाली राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) शामिल हैं। शिवसेना से 2022 में अलग होने के बाद शिंदे पिछले विधानसभा चुनावों तक मुख्यमंत्री रहे, जबकि फडणवीस उपमुख्यमंत्री थे।

इसे भी पढ़ें: Bihar Elections | Ashok Gehlot का बड़ा बयान, 'महागठबंधन ने Tejashwi Yadav को CM उम्मीदवार बनाया, अब NDA दिखाए हिम्मत'

फडणवीस ने बुधवार को स्पष्ट किया कि मौजूदा सत्तारूढ़ व्यवस्था में कोई बदलाव नहीं होगा। उन्होंने कहा, “न तो कोई नया सहयोगी होगा और न ही मौजदूा सहयोगियों का चेहरा बदलेगा।” सावंत ने दावा किया कि फडणवीस का यह बयान भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व के लिए भी एक संदेश है कि वह “इस डर से अपना पद नहीं छोड़ेंगे कि राजस्थान, मध्यप्रदेश या उत्तराखंड की तरह कोई और उनकी जगह ले सकता है।” कांग्रेस नेता ने कहा, “फडणवीस को मुख्यमंत्री पद से हटाने की कोशिशें हो रही हैं। वह बार-बार दिल्ली के चक्कर लगाते हैं, जहां उनका स्वागत-सत्कार होता रहता है। इससे उनका डर और बढ़ जाता है। इसलिए, मुख्यमंत्री यह दावा कर रहे हैं कि वह पद नहीं छोड़ेंगे।”

समाजवादी पार्टी के नेता अबु आजमी द्वारा आगामी बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) चुनाव अकेले लड़ने की घोषणा पर सावंत ने कहा कि कांग्रेस में चुनाव संबंधी सभी निर्णय पार्टी आलाकमान द्वारा स्थानीय नेताओं के परामर्श से लिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का लक्ष्य मुंबई में महापौर का पद हासिल करना है। कांग्रेस विपक्षी गठबंधन महा विकास आघाडी का हिस्सा है, जिसमें उद्धव ठाकरे की शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) और शरद पवार की राकांपा (एसपी) भी शामिल हैं।

प्रमुख खबरें

CUET PG 2026: सीयूईटी पीजी एग्जाम के लिए आवेदन हुए स्टार्ट, मार्च में आयोजित होगी परीक्षा

Sydney Terror Attack । बॉन्डी बीच पर बच्चों समेत 12 की मौत, यहूदी उत्सव था निशाना

कैसे मैनेज करें प्रीमेंस्ट्रुअल सिंड्रोम? राहत पाने के लिए इन 5 न्यूट्रिशन हैक्स को अपनाएं

बॉन्डी बीच पर हुए भयानक हमले की PM Modi ने की कड़ी निंदा, पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना जताई