By अंकित सिंह | Nov 27, 2024
महाराष्ट्र का अगला मुख्यमंत्री कौन बनेगा, इस पर सस्पेंस के बीच देवेंद्र फडणवीस को दिल्ली बुलाया गया है। बताया जा रहा है कि उनकी मुलाकात अमित शाह और भाजपा के अन्य बड़े नेताओं से हो सकती है। सूत्रों का दावा है कि फडणवीस का महाराष्ट्र का अगला मुख्यमंत्री बनना लगभग तय है क्योंकि केंद्रीय नेतृत्व ने हरी झंडी दे दी है। हालांकि, एकनाथ शिंदे की नाराजगी भाजपा की परेशानी को बढ़ा रही है। 25 नवंबर को राष्ट्रीय राजधानी से एक वरिष्ठ बीजेपी नेता ने एकनाथ शिंदे को फोन पर जानकारी दी कि देवेंद्र फडणवीस अगले सीएम होंगे और जिसके बाद 26 नवंबर को एकनाथ शिंदे ने इस्तीफा दे दिया।
इन घटनाक्रमों के बीच बीजेपी की केंद्रीय पर्यवेक्षक टीम अगले दो दिनों में मुंबई आएगी और इस दौरान देवेंद्र फड़णवीस को नेता चुनने की औपचारिकताएं पूरी की जाएंगी। इस बीच, एनसीपी द्वारा महाराष्ट्र के सीएम पद के लिए देवेंद्र फड़णवीस का समर्थन करने के बाद से एकनाथ शिंदे के रुख में कुछ हद तक नरमी आई है। सूत्रों ने बताया कि महाराष्ट्र में नई सरकार में एकनाथ शिंदे की पार्टी शिवसेना को शहरी विकास और राजस्व जैसे अहम मंत्रालय दिए जा सकते हैं। महायुति गठबंधन, जिसमें शिंदे सेना, भाजपा और अजीत पवार के नेतृत्व वाली राकांपा शामिल है, ने उच्च दांव वाले चुनावों में 288 विधानसभा सीटों में से 230 सीटें जीतकर महाराष्ट्र में सत्ता बरकरार रखी।