By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Mar 11, 2022
नयी दिल्ली। युद्धग्रस्त यूक्रेन के सूमी शहर से शुक्रवार को दिल्ली पहुंचे छात्र जब हवाई अड्डे से बाहर निकल कर लंबे वक्त से इंतजार कर रहे अपने अभिभावकों से मिले तो सभी भावुक हो गए। हवाई अड्डे पर हर कहीं नम आंखों से बच्चों के अपने अभिभावकों से गले मिलने,मुस्कुराने, मालाएं पहनाने और एक दूसरे को मिठाई खिलाने का दृश्य था। इस दौरान ‘भारत माता की जय’’ और ‘‘मोदी है तो मुमकिन है’’ जैसे नारे भी कुछ लोगों ने लगाए। युद्धग्रस्त यूक्रेन के सूमी शहर से निकाले गए 240 भारतीय छात्रों को पोलैंड के ज़ेजॉ शहर से लेकर ‘एअर इंडिया’ का एक विशेष विमान शुक्रवार सुबह दिल्ली पहुंचा।विमान ने बृहस्पतिवार रात साढ़े 11 बजे ज़ेजॉ से उड़ान भरी थी और शुक्रवार सुबह पौने छह बजे वह दिल्ली पहुंचा। ये छात्र देश के विभिन्न राज्यों यानी उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड,राजस्थान,गुजरात,पंजाब,हरियाणा आदि से थे।