कोरोनावायरस से संक्रमित हुईं सुप्रसिद्ध गायिका लता मंगेशकर, अस्पताल में कराया गया भर्ती
By अंकित सिंह | Jan 11, 2022
सुप्रसिद्ध गायिका और भारत रत्न से सम्मानित लता मंगेशकर कोरोनावायरस से संक्रमित पाई गई हैं। लता मंगेशकर को कोरोनावायरस के हल्के लक्षण है। हालांकि उनकी उम्र को ध्यान में रखते हुए उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। फिलहाल लता मंगेशकर का इलाज ब्रीच कैंडी हॉस्पिटल में कराया जा रहा है। लता मंगेशकर की उम्र 92 साल है। लता मंगेशकर के परिवार की ही एक सदस्य ने उनके अस्पताल में भर्ती होने की बात की पुष्टि की है। फिलहाल डॉक्टर्स का कहना है यह है कि लता मंगेशकर की हालत स्थिर है और वह इससे उबर रही हैं। लता मंगेशकर को ब्रीच कैंडी अस्पताल के आईसीयू वार्ड में भर्ती कराया गया है। जैसे ही यह खबर बॉलीवुड के गलियारों में पहुंची हर तरफ लता मंगेशकर के लिए दुआएं की जाने लगी। इसके साथ ही फैंस भी लता मंगेशकर के ठीक होने की दुआ कर रहे हैं। यह बात भी सच है कि लता मंगेशकर की उम्र 92 साल की है। ऐसे में उनका बाहर आना जाना कम ही रहता है। कोरोनावायरस ने अब तक कई बड़ी हस्तियों को संक्रमित कर दिया है। भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, इसके अलावा बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार सहित कई बड़े नाम फिलहाल कोरोनावायरस से संक्रमित हैं।