देश का सबसे स्वच्छ शहर है इंदौर, घूमने के लिहाज से भी है बेहतरीन

By प्रिया मिश्रा | Aug 25, 2021

इंदौर, मध्य प्रदेश का सबसे बड़ा और सबसे अधिक आबादी वाला शहर है। मालवा पठार पर स्थित इस शहर में आकर्षक इतिहास और संस्कृति के साथ और भी बहुत काफी कुछ है। देश के शैक्षिक केंद्रों में से एक, इंदौर भारत का सबसे स्वच्छ शहर भी है। इंदौर शहर का नाम इंद्रेश्वर महादेव मंदिर के नाम पर पड़ा है। ऐसा माना जाता है कि भगवान इंद्र ने इस भूमि पर ध्यान लगाया था और इस मंदिर की स्थापना के लिए स्वामी इंद्रपुरी का नेतृत्व किया था। इंदौर शहर अपनी प्राचीन इमारतों, मंदिरों और स्वादिष्ट व्यंजनों के लिए जाना जाता है। अगर आप भी इंदौर घूमने जा रहे हैं तो इन जगहों पर जरूर जाएं- 

राजवाड़ा पैलेस, इंदौर पर्यटन के प्रमुख आकर्षणों में से एक है। रजवाड़ा होल्कर वंश के शासकों की ऐतिहासिक हवेली है। इस महल का निर्माण लगभग 200 साल पहले हुआ था और आज भी यह महल पर्यटकों के लिए विशेष आकर्षण रखता है। इसका भव्य स्थापत्य वैभव कई स्थापत्य शैली जैसे फ्रेंच, मराठा और मुगल शैलियों का मिश्रण है। यह इमारत एक सात मंजिला संरचना है जो इंदौर शहर के केंद्र में गर्व के साथ खड़ी है। महल के प्रवेश द्वार का नजारा देखते ही बनता है। लकड़ी से निर्मित और लोहे के धागों से सजा हुआ एक विशाल दरवाजा इस राजसी संरचना में लोगों का स्वागत करता है। पूरे महल का निर्माण पत्थर और लकड़ी से किया गया है। बड़ी खिड़कियां, बालकनी और गलियारे होल्कर शासकों की भव्यता और उनकी शैली की गवाही देते हैं।

लाल बाग पैलेस

लाल बाग पैलेस, जो कभी इंदौर के होल्कर शासकों का निवास स्थान था, वैभव और भव्यता का उदाहरण है। वर्तमान में यह महल एक संग्रहालय के रूप में कार्य करता है जो कई दिलचस्प कलाकृतियों को प्रदर्शित करता है। इसके इतालवी संगमरमर के फर्श, चमकदार झूमर, विस्तृत पेंटिंग शाही निवासियों की जीवन शैली के बारे में बताते हैं जिन्होंने कभी इस महल को अपना घर कहा था। महल की एक दिलचस्प विशेषता इसका मुख्य द्वार है, जो लंदन में बकिंघम पैलेस के द्वार की प्रतिकृति है।

खजराना गणेश मंदिर

खजराना गणेश मंदिर, भगवान गणेश के सबसे शक्तिशाली मंदिरों में से एक है। इसे रानी अहिल्याबाई होल्कर ने औरंगजेब से भगवान गणेश की मूर्ति की रक्षा के लिए बनवाया था। तब से यह मंदिर एक छोटी सी झोपड़ी में रखे जाने से बड़े आंतरिक और बाहरी गर्भगृहों के साथ एक बड़े मंदिर में विकसित हो गया है। इस मंदिर में विनायक चतुर्थी का पर्व बहुत धूमधाम से मनाया जाता है।

इसे भी पढ़ें: कम बजट में करना चाहते हैं हनीमून की प्लानिंग, तो एशिया के ये देश रहेंगे सही!

सर्राफा बाजार 

सर्राफा बाजार में आप खाने-पीने के स्टॉल्स पर लजीज भोजन का स्वाद ले सकते हैं। इस बाजार में हर दिन 3000 से अधिक पर्यटक आते हैं। सर्राफा बाजार में इंदौर के विविध व्यंजनों के स्टॉल हैं। यहां 50 से अधिक व्यंजन बेहद कम दरों पर उपलब्ध हैं।


पातालपानी झरना

पातालपानी झरना इंदौर में सबसे सुंदर पर्यटन स्थलों में से एक है। यहां पानी 300 मीटर की ऊंचाई से गिरता है जिससे गरजने की आवाज़ आती है। इंदौर आने पर्यटकों के बीच पातालपानी झरना एक लोकपिय पिकनिक स्थल है। झरने के बारे में एक प्रचलित किंवदंती यह है कि यह गड्ढा पाताल तक पहुँचता है और इसलिए इसका नाम "पाताल पानी" पड़ा।

- प्रिया मिश्रा 

प्रमुख खबरें

1965 War के हीरो Alfred Tyrone Cooke का निधन, IAF ने दी श्रद्धांजलि

UPI Payment पर MDR Charge का विरोध, Ghaziabad के Traders ने लगाए No UPI के पोस्टर

Bhilai Steel Plant कबाड़ चोरी मामले में निजी कंपनी के MD समेत 2 अधिकारी गिरफ्तार

Kerala: पट्टिका पर नहीं लिखवाया नाम, Congress MLA ने पूर्व LDF विधायक से कराया पुल का उद्घाटन