By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 10, 2026
फरीदाबाद के सेक्टर-आठ पुलिस थाने के मालखाने से 32 लाइसेंसी आग्नेयास्त्रों की चोरी का हरियाणा राज्य मानवाधिकार आयोग (एचएचआरसी) ने सख्त संज्ञान लेते हुए राज्य भर के सभी पुलिस थानों के मालखानों में सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करने का निर्देश दिया है। आयोग के दो नवंबर के आदेश में इसकी सदस्य दीप भाटिया ने हरियाणा के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) को इस चोरी के मद्देनजर हथियारों की सुरक्षित अभिरक्षा, पुलिस मालखानों तक पहुंच और पर्यवेक्षण प्रणाली की समीक्षा करने का निर्देश दिया है। यह मामला पंचकुला निवासी एक वकील द्वारा 16 जुलाई को दायर की गई शिकायत के जरिए आयोग के समक्ष आया था।
शिकायत में कहा गया था कि 32 लाइसेंसी आग्नेयास्त्रों के मालिकों ने कानून का पालन करते हुए अपने हथियारों के सुरक्षित रखरखाव के लिए पुलिस के पास जमा कराए थे। हालांकि, मालखाने से इन आग्नेयास्त्रों का चोरी होना पुलिस की ओर से सुरक्षा व्यवस्था में एक गंभीर विफलता को दर्शाता है। इस घटना के मानवाधिकारों पर पड़ने वाले प्रभावों को रेखांकित करते हुए शिकायतकर्ता ने तर्क दिया कि चोरी हुए इन हथियारों का इस्तेमाल यदि आपराधिक गतिविधियों में किया जाता है, तो कानून का पालन करने के बावजूद उनके वैध मालिकों को भय, मानसिक तनाव और अनावश्यक कानूनी जटिलताओं का सामना करना पड़ सकता है।
फरीदाबाद के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) द्वारा सौंपी गई रिपोर्ट के अनुसार, सेक्टर-आठ पुलिस थाने में प्रशिक्षु के तौर पर काम कर रहे एक व्यक्ति पर हथियारों की चोरी में शामिल होने का संदेह है। वह व्यक्ति पुलिस थाने की रोजनामचा डायरी तैयार करने में सहायता करता था और मालखाने से जुड़े कर्तव्यों का भी पालन कर रहा था। इस अवधि के दौरान वह मालखाने में रखे रिकॉर्ड और वस्तुओं से बखूबी अवगत हो गया था।
जांच के दौरान पुलिस के एक अधिकारी ने हथियारों की चोरी में उसकी संलिप्तता को लेकर संदेह जताया था। इसके बाद, जांच और जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर उसे 28 अन्य व्यक्तियों के साथ गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस रिपोर्ट में बताया गया कि थाने से गायब बताए जा रहे सभी आग्नेयास्त्रों को आरोपियों के पास से बरामद कर लिया गया है और इस मामले में छह अगस्त को अदालत में चालान पेश कर दिया गया था।
आयोग ने अपने आदेश में कहा कि यह मामला आम लोगों के लाइसेंसी हथियारों की सुरक्षा से जुड़ी गंभीर चिंताएं पैदा करता है, जिन्हें इस उम्मीद के साथ पुलिस थानों में जमा कराया जाता है कि वे सुरक्षित रहेंगे।