By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 12, 2026
नेशनल कॉन्फ्रेंस के अध्यक्ष फारूक अब्दुल्ला ने बृहस्पतिवार को भारत और पाकिस्तान के बीच बातचीत की पुरजोर वकालत करते हुए कहा कि गोलियों और सैन्य टकराव से राजनीतिक विवादों का समाधान नहीं हो सकता, और दुश्मनी खत्म होने का इंतजार किए बिना सार्थक बातचीत शुरू की जानी चाहिए। पूर्व मुख्यमंत्री ने इसके साथ ही एक बार फिर यह स्पष्ट किया कि कश्मीर भारत का अभिन्न अंग है, था और रहेगा। अब्दुल्ला ने यहां कहा, “अब आप इंतजार करेंगे, जब तक आप सबकी गोलियां बंद हो जाएंगी, तब तक रात हो जाएगी।” वे भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व वाली सरकार के उस रुख के बारे में पूछे गए एक सवाल का जवाब दे रहे थे, जिसमें कहा गया है कि बातचीत और गोलियां एक साथ नहीं चल सकतीं।
वह सेवानिवृत्त सूचना अधिकारी मदन मंतू के निधन के बाद उनके परिजनों से मिल संवेदना व्यक्त करने यहां पहुंचे थे। मंतू का दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया था। पत्रकारों से बातचीत करते हुए नेशनल कॉन्फ्रेंस के नेता ने पाकिस्तान से आतंकवाद छोड़ने और भारत के साथ बातचीत के लिए अनुकूल माहौल बनाने की दिशा में काम करने का आग्रह किया।
उन्होंने कहा, “मैंने हमेशा पाकिस्तान से आतंकवाद रोकने के लिए कहा है। आतंकवाद से कुछ भी हासिल नहीं किया जा सकता। बातचीत की प्रक्रिया शुरू होनी चाहिए, क्योंकि बातचीत के जरिए ही आगे का रास्ता निकाला जा सकता है।” अब्दुल्ला ने कहा कि युद्ध और सैन्य टकराव से केवल तबाही ही आती है।
उन्होंने ईरान और यूक्रेन में हो रही मौजूदा तबाही की ओर इशारा करते हुए इस बात पर जोर दिया कि स्थायी समाधान केवल बातचीत और आपसी जुड़ाव के जरिए ही निकल सकते हैं। दक्षिण एशियाई क्षेत्रीय सहयोग संगठन (दक्षेस) को फिर से सक्रिय करने का आह्वान करते हुए, अब्दुल्ला ने कहा कि क्षेत्रीय देशों को एक साथ आना चाहिए, अपने मतभेदों को सुलझाना चाहिए और सामूहिक प्रगति की दिशा में काम करना चाहिए। उन्होंने यूरोपीय संघ (ईयू) का उदाहरण देते हुए बताया कि कैसे कभी एक-दूसरे के विरोधी रहे देश सहयोग के जरिए एक साझा भविष्य का निर्माण कर सकते हैं।
उन्होंने कहा, “इस क्षेत्र में भारत सबसे बड़ा देश है, और इंदिरा गांधी (भूतपूर्व प्रधानमंत्री) ने भारत के लिए पड़ोसी देशों के साथ सौहार्दपूर्ण और सहानुभूतिपूर्ण संबंध बनाए रखने का रास्ता दिखाया था। हमें दक्षेस को फिर से सक्रिय करना चाहिए, ताकि हम सब एक साथ बैठकर अपने विवादों को सुलझा सकें और प्रगति तथा विकास की दिशा में काम कर सकें।” कुलगाम और किश्तवाड़ जिलों में हाल ही में हुए दो आतंकी हमलों पर प्रतिक्रिया देते हुए, अब्दुल्ला ने कहा कि जो लोग कश्मीर पर कब्जा करने का सपना देख रहे हैं, उन्हें ऐसे ख्याल छोड़ देने चाहिए, क्योंकि आतंकवाद अपने मंसूबों में कभी कामयाब नहीं होगा। इन हमलों में दो दिनों के भीतर दो विशेष पुलिस अधिकारियों (एसपीओ) की जान चली गई और सीआरपीएफ के तीन जवान घायल हो गए।
उन्होंने हालांकि दिल्ली में किए गए उन दावों पर चिंता जताई कि जम्मू-कश्मीर में आतंकवाद खत्म हो गया है। उन्होंने कहा कि हाल की घटनाएं दर्शाती हैं कि खतरा अब भी बना हुआ है और इसे पूरी तरह खत्म करने के लिए ठोस कदम उठाने की जरूरत है। अनुच्छेद 370 हटाए जाने के बाद कश्मीर में शांति और सामान्य स्थिति होने के दावों के बारे में पूछे जाने पर—खासकर किश्तवाड़ में हाल ही में हुए हमलों के संदर्भ में—अब्दुल्ला ने माना कि आतंकवाद अब भी मौजूद है, लेकिन लोगों को डरना नहीं चाहिए।
उन्होंने जोर देकर कहा कि कश्मीर भारत का अभिन्न अंग था, है और हमेशा रहेगा। उन्होंने यह भी कहा कि पाकिस्तान को कश्मीर मुद्दे को बार-बार उठाने से आगे बढ़ना चाहिए, और उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि विवादों को सैन्य कार्रवाई के जरिए हल नहीं किया जा सकता।