अस्थियां विसर्जित करने जा रहा था परिवार, रास्ते में हुई 8 लोगों की मौत, चारों तरफ मची अफरा-तफरी

By रेनू तिवारी | Jun 06, 2026

पंजाब के फिरोजपुर-फाजिल्का रोड पर शनिवार सुबह एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया है। यहाँ एक ट्रक और महिंद्रा पिकअप गाड़ी के बीच हुई आमने-सामने की भीषण टक्कर में कम से कम आठ लोगों की मौत हो गई, जबकि 15 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। यह दर्दनाक हादसा फिरोजपुर के जंगावाला गांव के पास हुआ।

शुरुआती जानकारी के मुताबिक, पिकअप गाड़ी में सवार यात्री जलालाबाद इलाके के रहने वाले थे। वे अपने एक मृतक रिश्तेदार की अस्थियां विसर्जित करने के लिए ब्यास स्थित राधा स्वामी डेरा जा रहे थे। इस गाड़ी में लगभग 25 लोग सवार थे, जो आपस में रिश्तेदार बताए जा रहे हैं। तभी रास्ते में जंगावाला गांव के समीप सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने पिकअप को जोरदार टक्कर मार दी। 

टक्कर इतनी भीषण कि मौके पर ही बिखर गई लाशें

चश्मदीदों के मुताबिक, दोनों गाड़ियों के बीच टक्कर इतनी ज़बरदस्त थी कि पिकअप वैन के परखच्चे उड़ गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।

मौके पर मौत: टक्कर के तुरंत बाद चार लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

अस्पताल में तोड़ा दम: घटना की सूचना मिलते ही इमरजेंसी सेवाएं मौके पर पहुंचीं और घायलों को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहाँ इलाज के दौरान चार अन्य लोगों की भी मौत हो गई।

घायलों की हालत नाजुक, मौत का आंकड़ा बढ़ने की आशंका

हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से सभी घायलों को फिरोजपुर के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों के मुताबिक, घायल हुए 15 से अधिक लोगों में से कईयों की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है। गंभीर स्थिति को देखते हुए आशंका जताई जा रही है कि मरने वालों का आंकड़ा अभी और बढ़ सकता है।

जांच में जुटी पुलिस

स्थानीय पुलिस ने इस दर्दनाक हादसे के संबंध में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस इस बात का पता लगाने की कोशिश कर रही है कि हादसा किस गाड़ी की लापरवाही या तेज रफ्तार के कारण हुआ। इस दुखद घटना के बाद से मृतकों के परिवारों में कोहराम मच गया है और पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है। 

Read Latest National News in Hindi only on Prabhasakshi  

प्रमुख खबरें

Gyan Ganga: रावण का जन्म, उसके भाइयों की तपस्या और वरदान की कथा

श्री चरणी के चार विकेट, पहले महिला ODI में भारत ने जिम्बाब्वे को 197 पर रोका

PoJK की तरह PoGB में भी बेअसर रहेंगे Local Body Elections, पार्षदों को नहीं मिलेगी विकास निधि

स्वास्थ्य का अधिकार, जीवन के अधिकार का अभिन्न अंग है, BJP सांसद अरुण गोविल ने UN में भारत के सुप्रीम कोर्ट के फैसलों का जिक्र किया