By अनन्या मिश्रा | May 13, 2024
ओडिशा में लोकसभा चुनाव के साथ विधानसभा चुनाव की गहमागहमी है। राज्य की 147 सीटों वाली विधानसभा के लिए चार चरणों में चुनाव होने हैं। इन चार चरणों 13 मई, 20 मई, 25 मई और एक जून को वोट डाले जाएंगे। वहीं चुनावी गठबंधन न होने के कारण भाजपा और बीजेडी सभी विधानसभा सीटों पर आमने-सामने हैं। इसके अलावा कांग्रेस भी चुनावी रण में उतरी है। बता दें कि बीजेपुर ओडिशा की एक महत्वपूर्ण विधानसभा सीट है। ऐसे में इस सीट पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।
साल 2019 के विधानसभा चुनाव में इस सीट पर बीजू जनता दल ने जीत हासिल की थी। यह सामान्य श्रेणी की विधानसभा सीट है। बीजेपूर सीट से साल 2019 में सीएम नवीन पटनायक ने जीत हासिल की थी। उन्हें कुल 110604 वोट्स मिले थे। वहीं भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी सनत कुमार गर्टिया 53,482 मत पाकर दूसरे स्थान पर रहे थे। राज्य विधानसभा के इतिहास में ये अब तक सबसे बड़ा जीत का अंतर है। साल 2019 के मुताबिक इस सीट पर कुल 232190 वोटर थे।
ऐसे में यह देखना काफी ज्यादा दिलचस्प होगा कि इस बार चुनाव का मिजाज किस प्रत्याशी के पक्ष में जाता है। बता दें कि भारतीय जनता पार्टी ने एक बार फिर इस सीट से सनत कुमार गर्टिया पर दांव लगाया है। हालाँकि पिछले चुनाव में इन्हें हार का सामना करना पड़ा था। तो वहीं बीजू जनता दल ने रीता साहू को चुनावी मैदान में उतारा है और कांग्रेस पार्टी ने किशोर दफादार पर भरोसा जताया है। जानकारी के मुताबिक साल 2000 से राज्य में बीजू जनता दल का दबदबा कायम है। ओडिशा विधानसभा चुनाव का रिजल्ट लोकसभा चुनाव के रिजल्ट के साथ 04 जून 2024 को जारी किया जाएगा।