पारंपरिक हलवा रस्म के साथ बजट दस्तावेज को अंतिम रूप देने का काम आखिरी चरण में

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Jan 26, 2023

छपाई के स्तर पर बजट दस्तावेज को अंतिम रूप देने का आखिरी चरण माना जाने वाला पारंपरिक हलवा समारोह बृहस्पतिवार को हुआ। इस रस्म में वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण शामिल हुईं और उन्होंने परंपरा के तौर पर हलवा बांटा। यह समारोह हर साल होने वाली रस्म है जिसमें हलवा तैयार किया जाता है और बजट की तैयारी में शामिल रहे वित्त मंत्रालय के अधिकारियों और कर्मचारियों को परोसा जाता है। यह समारोह दिल्ली के नॉर्थ ब्लॉक के ‘बेसमेंट’ में आयोजित किया जाता है। यहीं पर प्रिटिंग प्रेस है।

इसके अलावा, मुख्य आर्थिक सलाहकार अनंत वी. नागेश्वरन, केंद्रीय प्रत्यक्ष कर बोर्ड (सीबीडीटी) के अध्यक्ष नितिन गुप्ता, केंद्रीय अप्रत्यक्ष कर और सीमा शुल्क बोर्ड (सीबीआईसी) के अध्यक्ष विवेक जौहरी, अतिरिक्त सचिव (बजट) आशीष वछानी और बजट तैयार करने तथा संकलन की प्रक्रिया में शामिल वित्त मंत्रालय के अन्य अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित थे। सीतारमण वित्त वर्ष 2023-24 के लिये एक फरवरी को अपना पांचवां बजट पेश करेंगी।

पिछले दो वित्त वर्षों की तरह 2023-24 का बजट भी डिजिटल रूप में दिया जाएगा। आधिकारिक बयान के अनुसार वित्त मंत्री का बजट भाषण पूरा होने के बाद बजट से जुड़े सभी 14 दस्तावेज ‘यूनियन बजट मोबाइल ऐप’ पर उपलब्ध होंगे। यह ऐप एंड्रॉयड और एप्पल ओएस मंच पर उपलब्ध है। चौदह दस्तावेज में वार्षिक वित्तीय ब्योरा (बजट), अनुदान मांगें, वित्त विधेयक आदि शामिल हैं। इस दौरान वित्त मंत्री ने बजट प्रेस का भी दौरा किया और संबंधित अधिकारियों को अपनी शुभकामनाएं देने के अलावा तैयारियों की समीक्षा की।

दरअसल ‘हलवा रस्म केंद्र सरकार के बजट की तैयारी में शामिल वित्त मंत्रालय के अधिकारियों और कर्मचारियों को ‘अलग रखने’ की प्रक्रिया है। यानी बाहर की दुनिया से वे पूरी तरह अलग-थलग होते हैं। ये अधिकारी और कर्मचारी संसद में बजट पेश होने तक नॉर्थ ब्लॉक के ‘बेसमेंट’ में ही रहते हैं। जहां पूरी गोपनीयता रखी जाती है। वित्त मंत्री के एक फरवरी को लोकसभा में अपना बजट भाषण पूरा करने के बाद ही वे बाहर आते हैं।

प्रमुख खबरें

Delhi में ISI की बड़ी Terror Plot नाकाम, Pakistan से जुड़े 6 आतंकी गिरफ्तार

IMD Alert: हिमाचल में अगले 7 दिन सक्रिय Monsoon, भूस्खलन-बाढ़ का भीषण संकट

Hand of God Goal से लेकर Messi के लिए Referee के पक्षपात तक, क्यों विवादों में है Argentina?

Jagannath Rath Yatra 2026: सिर्फ मंदिर दर्शन की भूल न करें, इन फेमस जगहों के बिना अधूरी है यात्रा