By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 26, 2026
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के गोमती नगर स्थित सहारा शहर परिसर के पार्किंग क्षेत्र में बृहस्पतिवार शाम भीषण आग लग गई हालांकि इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों के अनुसार, शाम करीब साढ़े छह बजे आग लगने की सूचना मिली, जिसके बाद मुख्य अग्निशमन अधिकारी के नेतृत्व में दमकल की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पा लिया।
उन्होंने बताया कि पार्किंग में किसी के फंसे होने की भी सूचना नहीं है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आग की लपटें काफी ऊंचाई तक उठ रही थीं और दूर से धुएं का घना गुबार दिखाई दे रहा था, इससे आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई। इससे पहले बृहस्पतिवार को ही लखनऊ के जानकीपुरम-विस्तार स्थित सेक्टर तीन में पटाखों और गद्दों की एक दुकान में भी भीषण आग लग गई थी।
आग के कारण पटाखों में करीब दो घंटे तक लगातार विस्फोट होते रहे। सूचना मिलने पर दमकल की तीन गाड़ियां और पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे तथा करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। पुलिस ने देर शाम जारी एक बयान में कहा कि आग परिसर के अंदर चारदीवारी के पास एक इमारत में लगी थी, जिसे नगर निगम द्वारा सील किये जाने के बावजूद एक कार्यालय के रूप में इस्तेमाल किया जाता था।
बयान में कहा गया है कि पुलिस कर्मियों ने नगर निकाय द्वारा तैनात निजी सुरक्षा गार्डों की सहायता से परिसर में प्रवेश किया। वरिष्ठ पुलिस, नगर निगम और बिजली विभाग के अधिकारियों ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। बयान में बताया गया कि इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है और स्थिति नियंत्रण में है।
गोमती नदी के किनारे स्थित सहारा शहर परिसर सहारा समूह के कारोबारी और रियल एस्टेट कारोबार का प्रमुख केंद्र रहा है। इस समूह की स्थापना दिवंगत कारोबारी सुब्रत रॉय ने की थी। निवेशकों से जुटाई गई धनराशि को लेकर समूह लंबे समय तक कानूनी विवादों में रहा।
सुब्रत रॉय का नवंबर 2023 में निधन हो गया था। समूह की संपत्तियां भी कानूनी विवादों में घिरी हुई हैं।