By एकता | May 14, 2026
हवाई जहाज की पहली यात्रा हर किसी के लिए खास होती है, लेकिन इसके साथ थोड़ी घबराहट भी रहती ही है। एयरपोर्ट की प्रक्रिया, सिक्योरिटी चेक और सामान से जुड़े नियम पहली बार यात्रा कर रहे लोगों को कंफ्यूज कर देते हैं। ऐसे में अगर आप भी पहली बार फ्लाइट से यात्रा कर रहे हैं तो पहले से कुछ जरूरी बातें जान लेना आपके लिए फायदेमंद रहेगा। अगर इन आसान नियमों को ध्यान में रखते हैं, तो आपकी पहली फ्लाइट का अनुभव बिना किसी परेशानी के यादगार बन सकता है।
हवाई यात्रा में टाइमिंग बहुत मायने रखती है। घरेलू फ्लाइट के लिए 2 से 3 घंटे पहले और अंतरराष्ट्रीय फ्लाइट के लिए करीब 4 घंटे पहले एयरपोर्ट पहुंचना सही रहता है। इससे आपको चेक-इन और सिक्योरिटी के लिए पर्याप्त समय मिल जाता है और फ्लाइट मिस होने का खतरा नहीं रहता।
घर से निकलते समय अपने सभी जरूरी डॉक्यूमेंट जरूर चेक करें। आपके पास टिकट (मोबाइल या प्रिंट), पहचान पत्र जैसे आधार कार्ड, पैन कार्ड या पासपोर्ट होना चाहिए। अगर आप पहले से वेब चेक-इन कर लेते हैं, तो आपको बोर्डिंग पास मिल जाता है और लंबी लाइन में लगने की जरूरत नहीं पड़ती।
फ्लाइट में सामान को लेकर सख्त नियम होते हैं। चेक-इन बैग वह होता है जिसे काउंटर पर जमा करना होता है और इसका वजन तय सीमा में होना चाहिए। कैबिन बैग आप अपने साथ प्लेन के अंदर ले जा सकते हैं, लेकिन इसका वजन आमतौर पर 7 किलो तक ही होता है। ध्यान रखें कि पावर बैंक, लैपटॉप और बैटरी जैसी चीजें हमेशा कैबिन बैग में ही रखें। वहीं, लिक्विड आइटम 100ml से ज्यादा नहीं होने चाहिए।
सबसे पहले एंट्री गेट पर टिकट और आईडी दिखाकर अंदर जाएं। इसके बाद चेक-इन काउंटर पर बैग जमा करें और बोर्डिंग पास लें। फिर सुरक्षा जांच होती है, जहां आपके बैग और सामान की जांच की जाती है। आखिर में अपने बोर्डिंग गेट पर जाकर बैठें और अनाउंसमेंट का इंतजार करें।
जब प्लेन उड़ान भरता है या जमीन पर उतरता है, तो कई लोगों के कान बंद हो जाते हैं या हल्का दर्द महसूस होता है। यह हवा के दबाव के कारण होता है और बिल्कुल सामान्य है। इससे राहत पाने के लिए आप टॉफी चबा सकते हैं, जम्हाई ले सकते हैं या इयरप्लग का इस्तेमाल कर सकते हैं।
फ्लाइट में सीट बेल्ट साइन ऑन होने पर बेल्ट बांधकर रखना जरूरी है। फ्लाइट अटेंडेंट्स के निर्देशों का पालन करें, क्योंकि वे आपकी सुरक्षा के लिए होते हैं। साथ ही, अपने मोबाइल फोन और अन्य डिवाइस को फ्लाइट मोड पर रखना न भूलें।