By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 29, 2026
विशेष दवा कंपनी एनक्यूब एथिकल्स, चिकित्सा प्रौद्योगिकी मंच इंटेग्रिस मेडटेक और फर्स्टक्राई समर्थित स्वरा बेबी प्रोडक्ट्स समेत पांच कंपनियां अगले सप्ताह अपने आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) के जरिए कुल मिलाकर 5,700 करोड़ रुपये जुटाने के लिए तैयार हैं। औद्योगिक सेवा कंपनी मोनोमार्क इंजीनियरिंग (इंडिया) लिमिटेड और मातंगी रबर लिमिटेड अन्य दो कंपनियां हैं, जो इस सप्ताह के दौरान सार्वजनिक बाजार में उतरेंगी। मातंगी रबर का आईपीओ एक दिसंबर को खुलेगा, जिसके बाद दो दिसंबर को मोनोमार्क इंजीनियरिंग और स्वरा बेबी प्रोडक्ट्स के आईपीओ खुलेंगे।
एनक्यूब एथिकल्स अपना सार्वजनिक निर्गम तीन दिसंबर को लाएगी, जबकि इंटेग्रिस मेडटेक का आईपीओ चार दिसंबर को खुलेगा। ये पांच सार्वजनिक निर्गम प्राथमिक बाजार में जारी तेजी के बीच आ रहे हैं। कंपनियां विस्तार योजनाओं के वित्तपोषण, कर्ज चुकाने और कार्यशील पूंजी की जरूरतों को पूरा करने के लिए धन जुटाना चाहती हैं।
बैंकरों ने बताया कि मुंबई स्थित एनक्यूब एथिकल्स आईपीओ से 3,000 करोड़ रुपये तक जुटाना चाह रही है। यह आईपीओ पूरी तरह से बिक्री पेशकश (ओएफएस) के रूप में है। इसलिए एनक्यूब एथिकल्स को इस पेशकश से कोई राशि नहीं मिलेगी और पूरी रकम शेयर बेचने वाले शेयरधारकों के पास जाएगी।
एवरस्टोन कैपिटल समर्थित विविध चिकित्सा प्रौद्योगिकी मंच इंटेग्रिस मेडटेक अपने आईपीओ के जरिए 1,600 करोड़ रुपये जुटाने की योजना बना रही है। इस निर्गम में 600 करोड़ रुपये के नए शेयर जारी किए जाएंगे और साथ ही 1.08 करोड़ शेयरों का ओएफएस भी शामिल है। फर्स्टक्राई समर्थित स्वरा बेबी प्रोडक्ट्स 105-111 रुपये प्रति शेयर के मूल्य दायरे के साथ अपना 800 करोड़ रुपये का आईपीओ लाएगी।
इस निर्गम में 500 करोड़ रुपये के नए इक्विटी शेयर जारी किए जाएंगे और 300 करोड़ रुपये तक का ओएफएस शामिल होगा। औद्योगिक सेवा कंपनी मोनोमार्क इंजीनियरिंग के 175.5 करोड़ रुपये के आईपीओ का मूल्य दायरा 60-65 रुपये प्रति शेयर तय किया गया है। इसमें कोई ओएफएस घटक नहीं है।
मातंगी रबर के 125.2 करोड़ रुपये के आईपीओ के लिए मूल्य दायरा 163-172 रुपये प्रति शेयर रखा गया है।