मणिपुर में चार उग्रवादियों समेत पांच लोग गिरफ्तार

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Nov 22, 2025

सुरक्षा बलों ने मणिपुर में अलग-अलग प्रतिबंधित संगठनों के चार उग्रवादियों को जबरन वसूली की गतिविधियों में शामिल होने के आरोप में गिरफ्तार किया है। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि शुक्रवार को थाउबल जिले के इथम अवांग में एक व्यक्ति को उसके घर से हथियार बरामद होने के बाद गिरफ्तार किया गया।

उन्होंने बताया कि बृहस्पतिवार को इंफाल पश्चिम जिले के केइशमपत थौडा भबोक लेइकाई इलाके से प्रतिबंधित ‘पीपुल्स लिबरेशन आर्मी’ के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया गया। उन्होंने कहा कि तीनों के खिलाफ जबरन वसूली की गतिविधियों में शामिल होने का आरोप है।

अधिकारी ने बताया कि उनके पास से एक पिस्तौल और गोला-बारूद के साथ संगठन से जुड़े दस्तावेज बरामद किए गए। उन्होंने बताया कि सुरक्षा बलों ने बृहस्पतिवार को इंफाल पूर्वी जिले के लुवांगसांगबाम इलाके से प्रतिबंधित प्रेपक के एक सदस्य को गिरफ्तार किया जिसपर घाटी के इलाके के लोगों से जबरन वसूली करने का आरोप है।

अधिकारी ने बताया कि थौबल में गिरफ्तार किए गए व्यक्ति के पास से 12 गोलियों से भरी एक एसएलआर राइफल और दो रेडियो वायरलेस सेट बरामद किए गए। दो साल पहले जातीय हिंसा शुरू होने के बाद से सुरक्षा बल मणिपुर में तलाशी अभियान चला रहे हैं।

मेइती और कुकी-जो समूह के बीच जातीय हिंसा में मई 2023 से 260 से अधिक लोग मारे गए और हजारों लोग बेघर हो गए। इस साल फरवरी में मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह के इस्तीफे के बाद से मणिपुर में राष्ट्रपति शासन है।

प्रमुख खबरें

घुसपैठ सिर्फ BJP रोक सकती है, Amit Shah का दावा- Assam के 7 जिलों में 64 लाख Infiltrators

Menstrual Hygiene अब मौलिक अधिकार, Supreme Court ने इसे Right to Life से जोड़ा

Australian Open में Fitness Band पर बैन, अब Underwear में ट्रैकर पहनकर खेलेंगे Tennis स्टार्स?

China को Taiwan का एक और झटका! Campus Network पर TikTok समेत 6 Apps किए गए Ban