By अभिनय आकाश | Nov 10, 2026
ईरान से मिली धमकी के बाद सोमवार को अमेरिकी सेना ने ब्रिटेन के एक एयरबेस से अपने विमान हटा लिए। यह घटना ऐसे समय में हुई है जब दोनों देश युद्ध खत्म करने के लिए एक समझौते पर काम कर रहे हैं। वॉल स्ट्रीट जर्नल ने मामले की जानकारी रखने वाले लोगों के हवाले से बताया है कि अमेरिकी अधिकारी अभी भी रॉयल एयर फोर्स (RAF) मिल्डेनहॉल एयरबेस के सामने मौजूद खतरे की प्रकृति का आकलन कर रहे हैं। वे यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि क्या यह खतरा तुरंत आने वाला है या फिर यह एक सामान्य किस्म का खतरा है। फ्लाइट-ट्रैकिंग डेटा और मामले की जानकारी रखने वाले एक अन्य अधिकारी के अनुसार, मिल्डेनहॉल से संचालित होने वाले अमेरिका के दो ईंधन भरने वाले टैंकरों को सुबह जर्मनी भेज दिया गया। इसके अलावा, उसी बेस पर मौजूद कई अन्य विमानों को भी दिन में बाद में जर्मनी और अन्य जगहों पर स्थानांतरित कर दिया गया। 'डब्ल्यूएसजे' (WSJ) की रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिकी वायु सेना के एक अधिकारी ने इस पर टिप्पणी करने से इनकार कर दिया, लेकिन उन्होंने बताया कि अमेरिकी विमान अलग-अलग कारणों से अपने बेस और अन्य परिचालन केंद्रों के बीच आते-जाते रहते हैं।
रिपोर्ट में बताया गया है कि 'गैंग ऑफ एट' (कांग्रेस के शीर्ष राजनीतिक और खुफिया नेताओं का समूह) को सोमवार को ईरान से अमेरिका को होने वाले खतरों के बारे में जानकारी दी गई। इस बैठक की जानकारी रखने वाले एक व्यक्ति ने यह बात बताई। सोमवार को इस चिंता के बारे में पूछे जाने पर, विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने कहा कि हमने लोगों को खतरे वाली जगह से दूर करके इस समस्या का समाधान किया है। यह पहली बार नहीं है जब अमेरिका ने ब्रिटेन स्थित अपने अड्डों से विमान हटाए हैं। पिछले महीने, पेंटागन ने पुष्टि की थी कि ब्रिटेन के रॉयल एयर फोर्स फेयरफोर्ड में तैनात सभी B-1 बॉम्बर विमानों को वहां से हटा लिया गया है। ऐसा एयरबेस पर संभावित आतंकी हमले की जांच और एक नए, अज्ञात खतरे की खबरों के बाद किया गया था। पेंटागन के एक अधिकारी ने एक बयान में कहा हम अब यह बता सकते हैं कि RAF फेयरफोर्ड में तैनात सभी अमेरिकी बॉम्बर विमानों को वापस अमेरिका स्थित उनके मूल अड्डों पर भेज दिया गया है।
ईरान ने बार-बार चेतावनी दी है कि तेहरान पर अमेरिका का कोई भी हमला युद्ध को मध्य पूर्व से भी आगे तक बढ़ा सकता है। शनिवार (7 नवंबर) को दी गई एक नई चेतावनी में, तेहरान ने कहा कि फरवरी में जब अमेरिका और इज़राइल ने युद्ध शुरू किया था, तब की तुलना में अब ईरानी सेना कहीं अधिक मजबूत है। साथ ही, तेहरान ने कहा कि अगर उन पर हमला होता है, तो वे बिना किसी भौगोलिक सीमा के अमेरिकी ठिकानों पर जवाबी हमला करेंगे। ईरानी सेना के प्रवक्ता मोहम्मद अकरमिनिया ने कहा आज, इस्लामिक गणराज्य के सशस्त्र बल... अमेरिका और इजरायली शासन के साथ सीधे टकराव से अनुभव हासिल करने के बाद, युद्ध की शुरुआत की तुलना में कहीं अधिक सतर्क और मजबूत हैं। अब उनमें पहले से कहीं ज्यादा प्रेरणा, प्रतिबद्धता और आत्मविश्वास है। उन्होंने आगे कहा सर्वोच्च नेता के आदेश पर, सशस्त्र बलों की प्रतिक्रिया तत्काल और प्रभावी होगी, और इस पर कोई भौगोलिक सीमाएं नहीं होंगी।