Sonia Gandhi की आत्मकथा में खुलासा, भारत दौरे पर Bill Clinton खूबसूरत महिलाओं को घूरते थे

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 10, 2026

(दि13 पांचवे पैरा में एक शब्द बदलते हुए रिपीट) नयी दिल्ली, 10 नवंबर कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी ने अपनी आत्मकथा में खुलासा किया है कि वर्ष 2000 में तत्कालीन अमेरिकी राष्ट्रपति बिल क्लिंटन की भारत यात्रा के दौरान मोनिका लेविंस्की प्रकरण भले ही मंद पड़ चुका था, लेकिन उनकी पुरानी आदतें नहीं बदली थीं। उन्होंने कहा कि एक स्वागत समारोह में उन्होंने क्लिंटन को समय-समय पर वहां मौजूद अधिक आकर्षक महिलाओं को चोरी-छिपे घूरते देखा था। सोनिया गांधी ने अपनी पुस्तक बिलॉन्गिंग: ए जर्नी ऑफ लव में ब्रिटेन की राजकुमारी डायना और फ्रांस के तत्कालीन राष्ट्रपति निकोलस सरकोजी सहित कई विश्व नेताओं के साथ अपनी मुलाकातों के रोचक प्रसंग साझा किए हैं।

उन्होंने वर्ष 2000 में तत्कालीन प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी द्वारा क्लिंटन के सम्मान में आयोजित स्वागत समारोह का भी विस्तार से जिक्र किया है। वह पुस्तक में लिखती हैं, ‘‘वर्ष 2000 में जब मैंने हमारे विदेश मंत्री के साथ राष्ट्रपति बिल क्लिंटन से मुलाकात की, तब वह अपनी बेटी चेल्सी और प्रतिनिधिमंडल के साथ शेरटन होटल में ठहरे हुए थे। वह मिलनसार, अनौपचारिक और आत्मविश्वास से भरे हुए नजर आए।

हालांकि, वह हमारे विचार सुनने के बजाय कश्मीर के बारे में अपने विचार और अनुमान बताने में अधिक रुचि दिखा रहे थे। उनके शब्दों में कश्मीर परमाणु टकराव का केंद्र और दुनिया की सबसे खतरनाक जगहों में से एक था।’’ कांग्रेस नेता का कहना है, तब तक मोनिका लेविंस्की प्रकरण कुछ हद तक ठंडा पड़ चुका था, लेकिन पुरानी आदतें आसानी से नहीं जातीं। प्रधानमंत्री वाजपेयी द्वारा उनके सम्मान में आयोजित स्वागत समारोह में मैंने उन्हें समय-समय पर वहां मौजूद खूबसूरत महिलाओं को चोरी-छिपे घूरते देखा।’’ सोनिया गांधी ने वर्ष 2008 में फ्रांस के तत्कालीन राष्ट्रपति निकोलस सरकोजी की भारत यात्रा से जुड़े कुछ दिलचस्प प्रसंग भी साझा किए हैं।

सरकोजी उस समय अपनी साथी कार्ला ब्रूनी के बिना भारत आए थे। उन्होंने लिखा, कहा जाता था कि उन्हें कार्ला को साथ नहीं लाने की सलाह दी गई थी, क्योंकि दोनों अविवाहित थे और आधिकारिक समारोहों में यह असहज स्थिति पैदा कर सकता था। भोज के दौरान मेरे पास बैठे तत्कालीन उपराष्ट्रपति मोहम्मद (हामिद) अंसारी की पत्नी ने बड़े ही सहज और मजाकिया अंदाज में उनसे उनकी शादी की योजनाओं के बारे में पूछना शुरू कर दिया।

क्या वह शादी करने जा रहे हैं? अगर हां, तो क्या तारीख तय हो गई है? क्या उन्हें कार्ला की याद आ रही है?

गांधी के अनुसार, राष्ट्रपति सरकोजी इस सवाल-जवाब से बिल्कुल विचलित नहीं हुए। बल्कि वह अपनी प्रेम कहानी के बारे में बताने को उत्सुक दिखे। उन्होंने उनके सभी सवालों के जवाब दिए और इस दौरान लगातार अपने फोन पर कार्ला को संदेश भी भेजते रहे।

उन्होंने बताया कि कुछ साल बाद प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह और उनकी पत्नी की ओर से आयोजित एक निजी रात्रिभोज में उनकी मुलाकात इस जोड़े से फिर हुई। गांधी ने लिखा, तब तक राष्ट्रपति सरकोजी और कार्ला ब्रूनी शादी कर चुके थे और साथ आए थे। वह अपनी लंबी और खूबसूरत पत्नी पर पूरी तरह मोहित नजर आ रहे थे।

इतालवी और फ्रांसीसी मूल की कार्ला यूरोप में लोकप्रिय गायिका और गीतकार होने के साथ-साथ एक शीर्ष मॉडल भी रह चुकी थीं। जब वह एक सुरुचिपूर्ण लंबे गाउन में कमरे में दाखिल हुईं तो सभी की निगाहें उन पर टिक गईं। वह बेहद आकर्षक, छरहरी, शालीन और नीली आंखों वाली महिला थीं।

उन्होंने कहा, कार्ला ने विनम्रता से बात की, लेकिन कम ही बोलीं। वहीं उनके पति हमारे प्रधानमंत्री को यह समझाने में लगे रहे कि भारत को क्या करना चाहिए। उनका अंदाज मुझे कुछ अहंकारी लगा।

उन्हें इस बात का भी ध्यान नहीं था कि वह ऐसे व्यक्ति से बात कर रहे हैं जो उनसे अधिक वरिष्ठ, अनुभवी और जानकार हैं। सोनिया गांधी ने ब्रिटेन के शाही परिवार के साथ अपनी मुलाकातों, विशेषकर राजकुमारी डायना के साथ हुई मुलाकातों को भी विस्तार से याद किया है। उन्होंने लिखा कि ब्रिटेन के शाही परिवार के कुछ सदस्यों और उनके परिवार के बीच कई पीढ़ियों से मित्रता रही थी।

राजीव गांधी की भी तत्कालीन प्रिंस चार्ल्स के साथ अच्छी बनती थी। उन्होंने लिखा, ‘‘उस परिवार की असली सितारा तो राजकुमारी डायना थीं। लंबी और छरहरी कद-काठी, बड़ी नीली आंखें, मनमोहक मुस्कान और आकर्षक व्यक्तित्व।

वर्ष 1981 में जब मैं और राजीव उनकी शादी में शामिल हुए थे, तब दुल्हन के रूप में उनकी अद्भुत खूबसूरती मैं कभी नहीं भूल सकती। लेकिन वर्ष 1992 में जब वे भारत आए, तब साफ दिखाई दे रहा था कि उनकी शादीशुदा जिंदगी ठीक नहीं चल रही थी।’’ सोनिया गांधी के अनुसार, जिस दिन डायना ने ताजमहल के सामने उस बेंच पर अकेले बैठकर तस्वीर खिंचवाई थी, जिसे मैं प्रेम की बेंच कहती हूं, उसी दिन वे देर शाम चाय पर हमारे यहां आए थे। प्रिंस चार्ल्स बातचीत में खुलकर हिस्सा ले रहे थे और काफी मजाकिया थे, लेकिन डायना उदास नजर आ रही थीं।

हालांकि, लाल और बैंगनी रंग के आकर्षक दो पीस परिधान में वह बेहद खूबसूरत लग रही थीं। हमने उनकी भारत यात्रा के दौरान देखी और पसंद की गई चीजों के बारे में बातचीत की। सोनिया गांधी ने बताया कि उस दौरान उनकी मां भारत आई हुई थीं और वह मशहूर राजकुमारी से मिलना चाहती थीं।

उनकी बेटी प्रियंका ने भी अपनी नॉन्ना (नानी) का डायना से परिचय कराने पर जोर दिया। उन्होंने लिखा, डायना ने पूछा कि वह इतनी शांत क्यों हैं। इस पर प्रियंका ने तुरंत जवाब दिया कि ऐसा इसलिए है क्योंकि मैंने उन्हें कुछ नहीं बोलने को कहा था, क्योंकि वह केवल इतालवी भाषा बोलती हैं।

यह सुनकर डायना जोर से हंस पड़ीं और तुरंत मेरी मां की ओर मुड़ीं। उन्होंने उनका हाथ आगे बढ़ाते हुए कहा, पियाचेरे, कोमे स्ताई? (आपसे मिलकर खुशी हुई, आप कैसी हैं?)।

उन्होंने इतालवी शब्दों का सही उच्चारण करने की कोशिश की, हालांकि संबोधन का अनौपचारिक रूप इस्तेमाल किया। लेकिन उनके इस आत्मीय और आकर्षक अंदाज ने हम सभी का दिल जीत लिया। उन्होंने बताया कि चाय और कुछ देर बातचीत के बाद जब वे शाही जोड़े को उनकी कार तक विदा करने जा रहे थे, तब डायना बीच रास्ते में रुक गईं।

वह पीछे मुड़ीं, उनकी मां को हाथ हिलाकर विदा कहा और पुकारा, चाओ, नॉन्ना! गांधी ने लिखा, राजीव पर लिखी अपनी पुस्तक भेंट करने के बाद डायना ने मुझे एक पत्र लिखा था, जिसमें उन्होंने मेरे पति के प्रति अपनी प्रशंसा व्यक्त की थी। उन्होंने लंदन में राजकुमारी डायना के साथ चाय पर मुलाकात का भी जिक्र किया।

इस दौरान उन्होंने काले रंग का सूट पहना था, जिस पर सफेद कॉलर था। उन्होंने मजाक में कहा था, मुझे लग रहा है जैसे मैं कोई कौआ हूं। सोनिया गांधी ने एक अन्य मुलाकात को याद करते हुए लिखा, मैं उनसे एक बार फिर एक हेयरड्रेसर के यहां मिली।

मैंने देखा कि मेरे ठीक बगल में बैठा चेहरा जाना-पहचाना लग रहा था। मैंने एक शब्द कागज पर लिखा और उन्हें पकड़ा दिया। अगले ही पल मुझे एहसास हुआ कि हाय लिखने के बजाय मैंने हाय (एचआई) की गलत वर्तनी हाय (एचवाईई) लिख दी थी।

मेरा मन हुआ कि काश मैं वह पर्ची वापस छीन पाती! लेकिन तब तक देर हो चुकी थी। वह उसे अपने हैंडबैग में रख चुकी थीं।

उन्होंने पहचान भरी मुस्कान के साथ मेरी ओर देखा और हम दोनों ने धीमी आवाज में कुछ बातें कीं, ताकि किसी का ध्यान हमारी ओर न जाए। उन्होंने कहा कि डायना से उनकी यह आखिरी मुलाकात थी। सोनिया गांधी ने कहा कि दिवंगत राजकुमारी के बारे में काफी कुछ लिखा और कहा गया है।

यहां तक कि आज भी उनके जीवन, विवाह और बच्चों पर टेलीविजन धारावाहिक बन रहे हैं। उन्होंने लिखा, उस समय डायना की काफी आलोचना होती थी। कहा जाता था कि वह बिगड़ैल और शिकायत करने वाली थीं, उनके पास सब कुछ था, फिर वह ऐसा व्यवहार क्यों कर रही थीं मानो उनके साथ अन्याय हुआ हो?

मुझे कहना होगा कि उस पूरे दौर में मुझे उनके प्रति सहानुभूति रही और आज भी है।

प्रमुख खबरें

पेरिस में G7 विदेश मंत्रियों का जुटान, Ukraine को सुरक्षा सहायता और समर्थन पर होगी बात

फटाफट हटाओ...ईरान ने ऐसा धमकाया, ब्रिटेन में अपने एयरबेस से धड़ाधड़ एयरक्रॉफ्ट समेटकर निकलने लगा अमेरिका

Delhi में Chhath Puja पर Public Holiday घोषित, 16 नवंबर को बंद रहेंगे सरकारी दफ्तर

पुराने पाप नहीं धुलेंगे, अखिलेश यादव ने किया अयोध्या को सनातन राजधानी बनाने का वादा तो BJP ने कसा तंज