By अभिनय आकाश | Nov 04, 2024
ब्रैम्पटन में हिंदू सभा मंदिर में खालिस्तानी झंडे वाले युवकों द्वारा श्रद्धालुओं पर कथित हमले ने एक बार फिर विवाद पैदा कर दिया है, भारत पहले से ही कनाडा पर अलगाववादियों और चरमपंथियों को खुली छूट देने का आरोप लगा रहा है। मंदिर के अंदर कथित तौर पर हिंसा दिखाने वाले कई वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गए हैं और प्रधानमंत्री, विपक्षी दलों और हिंदू संगठनों सहित कनाडा के शीर्ष राजनेताओं ने तीखी प्रतिक्रियाएं व्यक्त की हैं। कनाडा को अब एक आतंकी देश घोषित करने का समय आ गया है। खालिस्तानियों और आतंकियों के देश कनाडा में पूजा कर रहे हिंदुओं पर खतरनाक हमले को खालिस्तानियों ने अंजाम दिया है।
हिंदू मंदिर में तोड़फोड़ करने की भी कोशिश की गई है। अब इस मामले को लेकर मोदी सरकार की तरफ से बयान सामने आ गया है। ब्रैम्पटन, कनाडा में हिंसा के संबंध में मीडिया के सवालों के जवाब में प्रवक्ता रणधीर जयसवाल ने कहा कि हम कल ओंटारियो के ब्रैम्पटन में हिंदू सभा मंदिर में चरमपंथियों और अलगाववादियों द्वारा की गई हिंसा की निंदा करते हैं। हम कनाडा सरकार से यह सुनिश्चित करने का आह्वान करते हैं कि सभी पूजा स्थलों को ऐसे हमलों से बचाया जाए। हम यह भी उम्मीद करते हैं कि हिंसा में शामिल लोगों पर कार्रवाई की जाएगी। हम कनाडा में भारतीय नागरिकों की सुरक्षा को लेकर बेहद चिंतित हैं।