By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 24, 2026
जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले के मेंढर सेक्टर में नियंत्रण रेखा के पास मंगलवार को जंगलों में आग लगने की नयी घटनाएं सामने आईं, जबकि पड़ोसी बालाकोट सेक्टर में लगी आग पर काबू पाने के प्रयास लगातार तीसरे दिन भी जारी रहे। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। आग की इन घटनाओं में अभी तक किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
रविवार शाम सबसे पहले बालाकोट में सीमा पर लगी बाड़ के आगे लंजोट वन क्षेत्र में आग लगी थी। अधिकारियों ने बताया कि आग पर काबू पाने के लगातार प्रयासों के बावजूद लपटें जंगल में फैलती रहीं, जिससे प्रभावित क्षेत्र में पेड़ों और अन्य वनस्पतियों को नुकसान पहुंचा है। उन्होंने बताया कि मंगलवार सुबह मेंढर सेक्टर के गोहलाद टॉप और छज्जला पटरी वन क्षेत्रों में आग लगने की नयी घटनाएं सामने आईं, जिससे नियंत्रण रेखा (एलओसी) के आसपास के जंगलों में आग फैलने को लेकर चिंता बढ़ गई है।
उन्होंने बताया कि दुर्गम भूभाग और प्रभावित इलाकों तक पहुंचने में कठिनाई के कारण दमकल वाहनों को तैनात नहीं किया जा सका। इसके बजाय कर्मियों ने आग बुझाने के पारंपरिक उपकरणों का इस्तेमाल कर लपटों पर काबू पाने और आग को आगे फैलने से रोकने का प्रयास किया। प्रभावित सेक्टरों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और सुरक्षाबल अतिरिक्त सतर्कता बरतते हुए स्थिति पर करीबी नजर रख रहे हैं।
अधिकारियों ने बताया कि आतंकवादियों द्वारा स्थिति का फायदा उठाकर सीमा के इस ओर घुसपैठ करने की किसी भी संभावित कोशिश को नाकाम करने के लिए संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरती जा रही है। उन्होंने कहा कि दुर्गम भूभाग तथा धुएं और आग की लपटों के कारण दृश्यता कम होने के मद्देनजर सुरक्षाकर्मी वन क्षेत्रों और नियंत्रण रेखा से सटे इलाकों पर कड़ी नजर रख रहे हैं।