कांग्रेस के पूर्व नेता अशोक तंवर AAP में शामिल, खट्टर बोले- कुछ महत्वाकांक्षी लोग दर-दर भटकते रहते हैं

By अंकित सिंह | Apr 04, 2022

हरियाणा में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता रहे अशोक तंवर ने आज आम आदमी पार्टी का दामन थाम लिया। दिल्ली के उप मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता मनीष सिसोदिया की मौजूदगी में अशोक तंवर आम आदमी पार्टी में शामिल हुए। हालांकि, 2021 में वह तृणमूल कांग्रेस में शामिल हुए थे। दरअसल, आम आदमी पार्टी का पूरा ध्यान इस वक्त देश के विभिन्न राज्यों में विस्तार पर है। पंजाब में चुनाव जीतने के बाद अब आम आदमी पार्टी हरियाणा में भी अपनी संभावनाएं देख रही है। माना जा रहा है कि हरियाणा में अशोक तंवर को बड़ी जिम्मेदारी सौंपी जा सकती है। अशोक तंवर के आम आदमी पार्टी में शामिल होने को लेकर हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने बड़ा बयान दिया है। मनोहर लाल खट्टर ने कहा कि इस तरह के महत्वाकांक्षी लोग जो होते हैं वह दर-दर भटकते रहते हैं। दर-दर भटकने में सिर्फ़ अशोक तंवर का उदाहरण नहीं है बहुत उदाहरण हैं जिनको ठीक दिशा में काम करने का अभ्यास नहीं है और जो केवल सत्ता के लिए घूम-घूमकर प्रयोग करते रहते हैं। आपको बता दें कि अशोक तंवर 2009 से लेकर 2014 तक सिरसा से सांसद रहे हैं। 2019 के विधानसभा चुनाव से पहले उन्होंने कांग्रेस छोड़ दिया था। उन्होंने पार्टी के ऊपर कई बड़े आरोप भी लगाए थे। कांग्रेस छोड़ने के बाद अशोक तंवर ने अपनी पार्टी अपना भारत मोर्चा बनाया। 2021 में वह तृणमूल कांग्रेस में शामिल होते हैं। उस वक्त अशोक तंवर ने ममता बनर्जी को देश की सबसे बड़ी नेता बताया था। दावा किया था कि भाजपा के खिलाफ ममता बनर्जी के ही नेतृत्व में लड़ाई लड़ी जा सकती हैं। हालांकि उन्होंने अचानक तृणमूल कांग्रेस का दामन छोड़ दिया है। आम आदमी पार्टी में शामिल होने के बाद अशोक तंवर ने मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल से भी मुलाकात की। अपने ट्वीट में उन्होंने लिखा कि अरविंद केजरीवाल के कुशल नेतृत्व में जनहित में किया जा रहा है। इन कार्यो ने मुझे आप में शामिल होने के लिए प्रेरित किया। मैं जनता की आवाज उठाना जारी रखते हुए पार्टी नेतृत्व के विश्वास पर खरा उतरने का पूरा प्रयास करूंगा।

प्रमुख खबरें

AI Talent का Superpower बना भारत, CEA नागेश्वरन बोले- दुनिया में अब हम दूसरे नंबर पर

Truecaller CEO का TRAI पर बड़ा हमला, कहा- नए Rules की वजह से देश में बढ़ रहा है Online Fraud।

एक और एक ग्यारह से भारतीयों के दूध में चीनी जैसे घुलने तक, Australia में PM Modi के 5 दमदार बयान

Samrat Choudhary का बड़ा ऐलान, Bihar में 10 तारीख को मिलेगी 1100 Pension, 97 लाख को लाभ