By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Feb 13, 2025
बंबई उच्च न्यायालय ने मुंबई के दहिसर इलाके में स्थित कोविड-19 जंबो सेंटर के पूर्व डीन डॉ. किशोर बिसुरे को बुधवार को जमानत दे दी। बिसुरे को महामारी के दौरान कथित अनियमितताओं के सिलसिले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने 2023 में गिरफ्तार किया था।
न्यायमूर्ति मिलिंद एन जाधव की एकल पीठ ने बुधवार को कहा कि बिसुरे को 19 जुलाई 2023 को गिरफ्तार किया गया था और तब से वह हिरासत में हैं। अदालत ने कहा कि मुकदमे में कोई ठोस प्रगति नहीं हुई है और मामले में आरोप भी अभी तय नहीं किए गए हैं।
उच्च न्यायालय ने वरिष्ठ चिकित्सक को एक लाख रुपये के मुचलके पर जमानत देते हुए कहा कि अभियोजन पक्ष को मामले में 82 गवाहों से जिरह करनी है, जिससे निकट भविष्य में मुकदमे का निष्कर्ष निकालना असंभव है।