मदन लाल खुराना का निधन, राष्ट्रपति, उप-राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री ने जताया शोक

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Oct 28, 2018

नयी दिल्ली। दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री मदनलाल खुराना का लंबी बीमारी के बाद शनिवार को यहां निधन हो गया। वह 82 वर्ष के थे। उनके परिवार ने यह जानकारी दी है। खुराना के परिवार में पत्नी, एक बेटा और दो बेटियां हैं। उनके एक बेटे का पिछले महीने निधन हो गया था। भाजपा के वरिष्ठ नेता खुराना 1993 से 1996 तक दिल्ली के मुख्यमंत्री रहे थे। उन्हें 2004 में राजस्थान का राज्यपाल नियुक्त किया गया था।

खुराना के बेटे हरीश ने बताया, ‘‘उन्होंने यहां कीर्ति नगर स्थित आवास में रात करीब 11 बजे अंतिम सांस ली।’’ उन्होंने कहा कि खुराना को छाती में संक्रमण था और पिछले कुछ दिनों से बुखार भी था। शनिवार सुबह से ही उन्हें सांस लेने में दिक्कत हो रही थी। उन्हें पांच साल पहले ब्रेन हेमरेज हुआ था और तब से वह बीमार चल रहे थे। परिवार ने कहा कि उनका अंतिम संस्कार कल किया जाएगा।

 

भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने खुराना के निधन पर शोक जताया। उन्होंने ट्वीट किया, ‘‘दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता मदनलाल खुराना जी के निधन का दुःखद समाचार प्राप्त हुआ। खुराना जी एक आदर्श स्वयंसेवक, एक समर्पित विद्यार्थी परिषद कार्यकर्ता व जनसंघ और भारतीय जनता पार्टी के एक मजबूत स्तम्भ के रूप में सदैव याद किये जायेंगे।

 

उन्होंने लिखा है, दिल्ली में संगठन को गढ़ने में खुराना जी की अहम भूमिका रही और वह 'दिल्ली के शेर' के रूप में सुप्रसिद्ध हुए। भाजपा के करोड़ों कार्यकर्ताओं की ओर से खुराना जी के परिवार के प्रति अपनी संवेदनायें व्यक्त करता हूँ व दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करता हूँ। ॐ शांति शांति शांति’’ 

 

कपड़ा मंत्री स्मृति ईरान ने ट्वीट किया है, मदल लाल खुरानी जी के निधन से शोकाकुल हूं। मेरी संवेदनाएं उनके परिजनों के साथ हैं। केंद्रीय मंत्री हर्षवर्धन ने ट्वीट कर उनके निधन पर शोक जताया। हर्षवर्धन ने कहा, ‘‘ भाजपा परिवार और दिल्ली के हमारे पूर्व मुख्यमंत्री एवं भाजपा के वरिष्ठ श्री मदनलाल खुरानाजी के परिवार को मेरी गहरी संवेदना। उनका लंबी बीमारी के बाद आज निधन हो गया। मेरी संवेदनाएं उनके प्रियजनों के साथ हैं। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति दे।

 

राष्ट्रपति, उप-राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री ने शोक जताया

 

राष्ट्रपति ने एक ट्वीट में कहा, “श्री मदनलाल खुराना के निधन की खबर सुनकर दुख हुआ। दिल्ली के मुख्यमंत्री, राजस्थान के राज्यपाल और केंद्रीय मंत्री के तौर पर उन्होंने जन हित के लिए अत्याधिक योगदान दिया खासकर राष्ट्रीय राजधानी एवं उसके लोगों के कल्याण के लिए।” 

 

उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू ने भी खुराना के निधन पर शोक व्यक्त किया। उन्होंने ट्वीट किया, “दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री श्री मदनलाल खुराना के निधन से बेहद दुखी हूं। उन्हें दिल्ली की वृद्धि एवं विकास में अत्याधिक योगदान देने के लिए याद किया जाएगा। उनके शोक संतप्त परिवार के प्रति मेरी संवेदनाएं हैं और उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करता हूं।” 

 

मोदी ने कहा कि खुराना ने दिल्ली की प्रगति के लिए अथक प्रयास किए। प्रधानमंत्री ने ट्वीट किया, “श्री मदनलाल खुराना जी के निधन से आहत हूं। उन्होंने दिल्ली की प्रगति के लिए अथाह काम किए, खासकर बेहतर अवसंरचना सुनिश्चित करने के क्षेत्र में। मोदी ने कहा, “उन्होंने दिल्ली सरकार और केंद्र सरकार दोनों में एक मेहनती और लोगों के अनुकूल प्रशासक के तौर पर अपनी पहचान बनाई।” 

 

एक अन्य ट्वीट में उन्होंने कहा, “श्री मदनलाल खुराना जी को दिल्ली में भाजपा को मजबूत करने के लिए हमेशा याद किया जाएगा। उन्होंने विभाजन के बाद दिल्ली में शरणार्थियों की सेवा के लिए ठोस प्रयास किए। मेरी संवेदनाएं उनके परिवार एवं समर्थकों के साथ हैं।” 

 

उनके परिवार के सदस्यों ने बताया कि खुराना का अंतिम संस्कार रविवार को किया जाएगा। भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने ट्वीट कर कहा, “दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा नेता मदनलाल खुराना के निधन के बारे में जानकारी मिली। उन्हें एक आदर्श स्वयंसेवक और विद्यार्थी परिषद के समर्पित कार्यकर्ता और जनसंघ एवं भाजपा के मजबूत स्तंभ के तौर पर याद किया जाएगा।” 

 

दिल्ली के उपराज्यपाल अनिल बैजल और मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने भी खुराना के निधन पर दुख व्यक्त किया। केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने ट्वीट किया, “दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री एवं दिग्गज नेता मदनलाल खुराना जी के निधन के बारे में सुन कर बेहद दुखी हूं। मैं शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदनाएं व्यक्त करता हूं और दिवंगत आत्मा के लिए प्रार्थना करता हूं।” 

 

रक्षा मंत्री निर्मला सीतारमण ने शोक व्यक्त करते हुए ट्वीट किया, “दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री श्री मदनलाल खुराना के निधन पर संवेदनाएं। ईश्वर उनके परिवार और पार्टी के सभी कार्यकर्ताओं को यह दुख सहने की शक्ति दे।” 

प्रमुख खबरें

तमिलनाडु में कांग्रेस और DMK में क्या लफड़ा हो गया? UP का जिक्र, कर्ज की फिक्र ने बढ़ाया सियासी पारा

Avatar Fire and Ash Collection | जेम्स कैमरन की अवतार 3 ने दुनिया भर में 750 मिलियन डॉलर का आंकड़ा पार किया, भारत में भी दमदार प्रदर्शन

UP Police Bharti 2026: यूपी पुलिस भर्ती परीक्षा का बदला नियम, निगेटिव मार्किंग समाप्त, जानिए क्या है नया अपडेट

Arbaaz Khan से तलाक पर मिली थी खूब आलोचना, पर खुद के फैसले पर कायम! Malaika Arora ने बताई जिंदगी की कड़वी सच्चाई