By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 23, 2026
झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा की मां सायरा मुंडा का रविवार देर रात यहां एक अस्पताल में निधन हो गया। परिवार के सदस्यों ने यह जानकारी दी। वह 92 वर्ष की थीं।
अर्जुन मुंडा के परिवार के एक सदस्य ने बताया, ‘‘वृद्धावस्था से जुड़ी बीमारियों के कारण सायरा मुंडा को करीब 15 दिन पहले जमशेदपुर के टाटा मोटर्स अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उन्होंने देर रात करीब एक बजे अंतिम सांस ली।’’ पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘मां अब इस दुनिया में नहीं रहीं... आपके जाने से न केवल मां के प्यार का साया उठ गया, बल्कि जीवन का सबसे मजबूत सहारा भी छिन गया। आपकी मौजूदगी में हर मुश्किल छोटी और हर दर्द हल्का लगने लगता था।’’ झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने अर्जुन मुंडा की मां के निधन पर शोक व्यक्त किया।
सोरेन ने सोशल मीडिया पर कहा, ‘‘झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और मेरे बड़े भाई आदरणीय अर्जुन मुंडा जी की मां के निधन की खबर से गहरा दुख हुआ है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘मां का जाना जीवन की ऐसी क्षति है, जिसकी भरपाई नहीं की जा सकती। दुख की इस घड़ी में मेरी संवेदनाएं अर्जुन मुंडा जी और उनके पूरे परिवार के साथ हैं। मरांग बुरू दिवंगत आत्मा को शांति दें और शोकाकुल परिवार को इस अपार दुख को सहने की शक्ति प्रदान करें।’’ झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने भी पूर्व केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा की मां के निधन पर शोक जताया।
दास ने कहा, ‘‘झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता अर्जुन मुंडा जी की पूजनीय मां के निधन की अत्यंत दुखद खबर से मैं गहरे शोक में हूं।’’ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता ने कहा कि मां का प्यार, आशीर्वाद और मार्गदर्शन जीवन की सबसे बड़ी पूंजी होते हैं। उन्होंने कहा, ‘‘इस दुख की घड़ी में मेरी गहरी संवेदनाएं अर्जुन मुंडा जी और उनके पूरे परिवार के साथ हैं। मरांग बुरू दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और शोक संतप्त परिवार को इस अपूरणीय क्षति को सहने की शक्ति प्रदान करें।’’ परिवार के एक अन्य सदस्य ने बताया कि अंतिम संस्कार सोमवार को यहां स्वर्णरेखा बर्निंग घाट पर किया जाएगा।
अर्जुन मुंडा के आवास पर भाजपा समर्थक और परिवार के शुभचिंतक शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करने और उन्हें ढांढस बंधाने के लिए पहुंच रहे हैं।