मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कैलाश जोशी का निधन, लंबे समय से थे बीमार

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Nov 24, 2019

भोपाल। मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता कैलाश जोशी का लंबी बीमारी के बाद यहां एक निजी अस्पताल में रविवार को निधन हो गया। वह 90 वर्ष के थे। यह जानकारी मध्यप्रदेश के पूर्व मंत्री एवं उनके बेटे दीपक जोशी ने दी।

 

दीपक ने कहा,  मेरे पिताजी का बंसल अस्पताल में आज सुबह निधन हो गया। कैलाश जोशी का जन्म 14 जुलाई 1929 को हुआ था। वह 1977-1978 में मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री रहे। उन्होंने मध्यप्रदेश में जनसंघ एवं भाजपा को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाई। उनके परिवार में तीन बेटे एवं तीन बेटियां हैं। उनकी पत्नी का निधन कुछ महीने पहले ही हुआ है। जोशी मध्यप्रदेश विधानसभा में आठ बार विधायक रहे। वह राज्यसभा एवं लोकसभा के सदस्य भी रहे। उनका अंतिम संस्कार मध्यप्रदेश के देवास जिले में उनके गृह नगर हाटपिपल्या में सोमवार को किया जाएगा।

 

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता कैलाश जोशी के निधन पर दुख व्यक्त करते हुए रविवार को कहा कि वह कद्दावर नेता थे। उन्होंने मध्य प्रदेश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया। मोदी ने ट्वीट किया है, ‘‘कैलाश जोशी जी एक ऐसे कद्दवार नेता थे, जिन्होंने मध्य प्रदेश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया।’’ प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘उन्होंने (जोशी) मध्य भारत में जनसंघ एवं भाजपा को मजबूत करने के लिए कड़ी मेहनत की।’’ मोदी ने कहा, ‘‘उन्होंने एक प्रभावी विधायक के रूप में अपनी पहचान बनाई।’’ उन्होंने कहा, ‘‘उनके निधन से दुख हुआ। उनके परिवार और समर्थकों के प्रति संवेदना। ओम शांति।’’

अमित शाह ने लिखा, ‘‘मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता कैलाश जोशी जी के निधन का दुःखद समाचार प्राप्त हुआ। वह एक जमीन से जुड़े नेता थे जो सदैव जनता के हितों के लिए प्रयासरत रहे। म.प्र में संगठन विस्तार में उनकी अहम भूमिका रही। मैं उनके परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करता हूँ।’’

प्रमुख खबरें

जोफ्रा आर्चर की टी20 वर्ल्ड कप में वापसी: इंग्लैंड की 15 सदस्यीय टीम का ऐलान

Eden Gardens टेस्ट पिच पर आईसीसी की मुहर, गुवाहाटी को मिला ‘बहुत अच्छा’ दर्जा

नाइजीरिया में जोशुआ की कार ट्रक से टकराई, दो टीम सदस्यों की मृत्यु, चैम्पियन एंथनी अस्पताल में भर्ती

Investment bankers की बम्पर कमाई: 2025 में IPO से ₹4113 करोड़ की फीस, पिछले साल का रिकॉर्ड टूटा