By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Aug 21, 2026
मिजोरम के पूर्व मुख्यमंत्री और मिजो नेशनल फ्रंट (एमएनएफ) के अध्यक्ष जोरामथांगा ने बृहस्पतिवार को गुवाहाटी विश्वविद्यालय से अपनी कला स्नातक (बीए) की डिग्री का प्रमाणपत्र प्राप्त किया। उन्होंने लगभग छह दशक पहले अपनी स्नातक की पढ़ाई पूरी करने के बाद बीए डिग्री का प्रमाणपत्र प्राप्त किया। एमएनएफ द्वारा जारी एक बयान के अनुसार जोरामथांगा ने 1966 में इंफाल के धनमंजुरी (डीएम) कॉलेज से स्नातक की पढ़ाई पूरी की थी, जो उस समय गुवाहाटी विश्वविद्यालय से संबद्ध था।
वह 1965 में कॉलेज के अंतिम वर्ष में औपचारिक रूप से एमएनएफ में शामिल हो गए थे। इस मौके पर लोगों को संबोधित करते हुए जोरामथांगा ने इस कार्यक्रम के आयोजन के लिए विश्वविद्यालय प्रशासन के प्रति अपनी गहरी कृतज्ञता व्यक्त की। उन्होंने कहा, ‘‘यह मेरे लिए एक महत्वपूर्ण पड़ाव है, जिसे मैं अपनी जिंदगी के सबसे मूल्यवान और यादगार पलों में से एक के रूप में हमेशा याद रखूंगा और संजोकर रखूंगा।