पूर्व PM मनमोहन सिंह का बड़ा बयान, कहा- सरकार को आर्थिक मंदी का अहसास नहीं

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Sep 12, 2019

नयी दिल्ली। पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने अर्थव्यवस्था में सुस्ती को लेकर बृहस्पतिवार को चिंता जताते हुए कहा कि खतरनाक बात है कि नरेंद्र मोदी सरकार को आर्थिक मंदी के बारे में अहसास नहीं है। कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के नेतृत्व में हुई पार्टी महासचिवों-प्रभारियों, प्रदेश अध्यक्षों और विधायक दल के नेताओं की बैठक में सिंह ने यह भी कहा कि अगर अर्थव्यवस्था की यही स्थिति बनी रही तो 2024-25 तक देश की अर्थव्यवस्था को पांच हजार अरब डॉलर तक ले जाने के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लक्ष्य के पूरा होने की कोई उम्मीद नहीं है।

इसे भी पढ़ें: आर्थिक मंदी पर व्यापक विरोध प्रदर्शन की तैयारी में कांग्रेस

सिंह ने कहा, ‘‘ अगर यह स्थिति बनी रही तो इसकी कोई उम्मीद नजर नहीं आती कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पांच हजार अरब डॉलर की अर्थव्यवस्था का लक्ष्य पूरा होगा।’ उन्होंने कहा कि स्पष्ट है कि जो वादे किए गए थे उन पर काम नहीं हो रहा है और इसका कोई संकेत नहीं है कि सरकार के पास कोई वास्तविक कार्य योजना है। बैठक में सोनिया के अलावा पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह, कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा, पार्टी के वरिष्ठ नेता एके एंटनी, अहमद पटेल, गुलाम नबी आजाद, मल्लिकार्जुन खड़गे, राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, पंजाब के मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह और छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल तथा पार्टी के कई महासचिव-प्रदेश प्रभारी, प्रदेश अध्यक्ष और विधायक दल के नेता शामिल हुए।

अगले माह राष्ट्रव्यापी विरोध प्रदर्शन करेगी कांग्रेस

देश में ‘आर्थिक मंदी’ पर चिंता जताते हुए कांग्रेस ने इसके लिये जिम्मेदार सरकार के कदमों के खिलाफ अगले महीने बड़े पैमाने पर राष्ट्रव्यापी विरोध प्रदर्शन करने का फैसला किया है। कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने बृहस्पतिवार को पार्टी महासचिवों-प्रभारियों, प्रदेश अध्यक्षों एवं पार्टी शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों के साथ बैठक में देश की अर्थव्यवस्था में सुस्ती पर चिंता जताई। बैठक के बाद कांग्रेस के संगठन महासचिव के सी वेणुगोपाल ने संवाददाताओं से कहा कि आर्थिक मंदी को लेकर मोदी सरकार के खिलाफ सभी राज्यों में 15 अक्टूबर से 25 अक्टूबर के बीच व्यापक विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि बैठक में यह भी फैसला हुआ कि महात्मा गांधी की 150वीं जयंती के मौके पर दो अक्टूबर को राज्यों के स्तर पर पदयात्रा निकाली जाएगी और बाद में जिला एवं ब्लॉक स्तरों पर भी यात्राएं निकाली जाएंगी। इन यात्राओं के माध्यम से लोगों को बापू की विचारधारा के बारे में रुबरू कराया जाएगा। एक सवाल के जवाब में वेणुगोपाल ने कहा कि दिल्ली में दो अक्टूबर को निकलने वाली पदयात्रा में सोनिया गांधी शामिल हो सकती हैं।  कांग्रेस ने यह निर्णय भी किया है कि पार्टी बड़े पैमाने पर सदस्यता अभियान शुरू करेगी जिसमें लोग डिजिटल रूप से भी पार्टी की सदस्यता ले सकते हैं। सदस्यता अभियान के तहत पार्टी के वरिष्ठ नेता भी लोगों से संपर्क करेंगे।

प्रमुख खबरें

ICC T20 World Cup: Shafali Verma का बड़ा बयान, ऑस्ट्रेलिया को हराने का भरोसा, Semifinal पर नजर

Rajnath Singh का बयान अफवाहों का था जवाब, Operation Sindoor पर भ्रम फैलाने वालों को MoD ने दिया करारा जवाब

China के 109 मंजिला बुर्ज खलीफा से टकराया विमान, उड़ गए परखच्चे, Video

TET पेपर लीक पर सियासी घमासान, राहुल गांधी बोले- हर युवा असुरक्षित, ये भविष्य की चोरी है