By अंकित सिंह | Sep 29, 2026
पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी ने आरोप लगाया है कि लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (LPU) में हुए विरोध-प्रदर्शन और उसके बाद फैली अशांति के पीछे राजनीतिक मकसद था। यह सब यूनिवर्सिटी के मालिक अशोक मित्तल के भारतीय जनता पार्टी (BJP) में शामिल होने के बाद हुआ। पत्रकारों से बात करते हुए चन्नी ने यूनिवर्सिटी में हालात को संभालने के तरीके की आलोचना की और हंगामे के दौरान पुलिस की कार्रवाई और छात्रों के साथ किए गए बर्ताव पर चिंता जताई।
उन्होंने छात्रों के खिलाफ़ कथित तौर पर ज़रूरत से ज़्यादा बल प्रयोग करने के लिए पुलिस की आलोचना की और पूछा कि और उसके बाद, छात्रों की बुरी तरह पिटाई की गई; इसके लिए कौन ज़िम्मेदार है? जिन पुलिस अधिकारियों और कर्मियों ने छात्रों को इतनी बेरहमी से पीटा, उनके खिलाफ़ कोई कार्रवाई क्यों नहीं की गई? और हालात को समय रहते क्यों नहीं संभाला गया? पंजाब के पूर्व डिप्टी सीएम सुखजिंदर सिंह रंधावा ने भी सरकार की देर से की गई कार्रवाई की आलोचना करते हुए कहा कि LPU में जो हुआ, उस पर सरकार ने बहुत देर से कार्रवाई की... उन्हें तेज़ी से कार्रवाई करनी चाहिए थी। छात्र सड़कों पर उतरे, विरोध प्रदर्शन किया। ऐसा नहीं होना चाहिए।
राज्य के रेल मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू के इस दावे पर कि छात्रों का विरोध प्रदर्शन आम आदमी पार्टी के आगामी कार्यक्रम में बाधा डालने के लिए था, रंधावा ने कहा कि छात्रों का अपमान नहीं किया जाना चाहिए। बिट्टू की ऐसी बातें करने की आदत है, जिनका कोई मतलब नहीं है। मैं उन्हें सलाह देता हूं कि एक राजनेता के पोते होने के नाते वे ऐसा बयान न दें, जिससे राज्य की छवि खराब हो सकती है। कांग्रेस कार्य समिति के सदस्य भंवर जितेंद्र सिंह ने वोट चोरी की शिकायतों पर टिप्पणी करते हुए कहा कि पूरे राज्य से वोट चोरी की शिकायतें मिल रही हैं। वे सिर्फ़ ECI के प्रमुख हैं। लेकिन जिस सिस्टम और BJP की इसमें भूमिका है, उस पर चर्चा होनी चाहिए।