LPU के छात्रों की सुरक्षा पर John Brittas ने CM Bhagwant Mann को लिखा पत्र

माकपा सांसद जॉन ब्रिटास ने पंजाब के मुख्यमंत्री से लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी के विद्यार्थियों की पूर्ण सुरक्षा सुनिश्चित करने का आग्रह किया है। उन्होंने परिसर में कथित घटना के बाद उपजे तनाव और छात्रों को अवैध रूप से निशाना बनाने से रोकने के लिए तत्काल दखल की मांग की।
मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के राज्यसभा सदस्य जॉन ब्रिटास ने सोमवार को पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान को पत्र लिखकर लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (एलपीयू) के छात्रों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और मनमाने तरीके से हिरासत में लेने एवं अवैध रूप से निशाना बनाने से रोकने के लिए उनसे तत्काल हस्तक्षेप का आग्रह किया। ब्रिटास ने कहा कि इस स्थिति से देशभर (खासकर केरल से बड़ी संख्या में एलपीयू में पढ़ने वाले छात्रों के बीच) के छात्रों और उनके परिवारों में गहरी चिंता पैदा हुई है, जिनमें से कई छात्राएं छात्रावासों में रहती हैं। उन्होंने मान को लिखे अपने पत्र में कहा, अभी जो आरोप-प्रत्यारोप जारी हैं, उनकी सच्चाई चाहे जो भी हो, राज्य के प्राधिकारियों और विश्वविद्यालय प्रशासन की सबसे पहली और अहम जिम्मेदारी हर छात्र की पूर्ण सुरक्षा सुनिश्चित करना है।
एलपीयू के छात्रों ने रविवार को दावा किया था कि विश्वविद्यालय परिसर में किसी बाहरी व्यक्ति ने एक छात्रा के साथ दुष्कर्म किया है, जिसके बाद उन्होंने परिसर के बाहर नयी दिल्ली-अमृतसर राजमार्ग के एक हिस्से को जाम कर दिया था। अधिकारियों ने बताया कि शाम के समय प्रदर्शन हिंसक हो गया, जब प्रदर्शनकारी छात्रों ने पुलिसकर्मियों पर कथित तौर पर पथराव किया, उनके वाहनों पर हमला किया और कुछ वस्तुओं में आग लगा दी जिसमें कई पुलिसकर्मी घायल हुए। उन्होंने कहा कि सोमवार सुबह राजमार्ग पर यातायात बहाल हो गया और परिसर में स्थिति सामान्य हो गई।
ब्रिटास ने कहा कि ‘‘डर के माहौल’’ में छात्रावासों में रह रहे छात्रों को प्रभावी सुरक्षा, आवश्यक सेवाओं तक सुरक्षित पहुंच और तत्काल सहायता के लिए भरोसेमंद माध्यम उपलब्ध कराया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि छात्रों के अभिभावकों को भी उनके बच्चों की सुरक्षा और स्थिति के बारे में पर्याप्त जानकारी दी जानी चाहिए। विश्वविद्यालय में 10 दिन के लिए कक्षाएं निलंबित किए जाने के बाद कई छात्र अपने घर लौट रहे हैं।
मध्यावधि परीक्षाएं भी अगले आदेश तक स्थगित कर दी गई हैं।
अन्य न्यूज़














