कर्नाटक के उडुपी में महिला को पेड़ से बांधकर पीटने के मामले में चार गिरफ्तार

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Mar 20, 2025

कर्नाटक के उडुपी जिले में मछली चोरी का आरोप लगाकर एक महिला को कथित तौर पर पेड़ से बांधने और उसकी पिटाई करने के मामले में चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, महिला का सार्वजनिक तौर पर अपमान किए जाने के बावजूद किसी ने भी इसे रोकने के लिए हस्तक्षेप नहीं किया। कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धरमैया ने कथित घटना पर दुख व्यक्त किया और इसे अमानवीय करार दिया।

उडुपी के पुलिस अधीक्षक अरुण के ने बताया कि विजयनगर जिले की रहने वाली पीड़िता पर स्थानीय लोगों ने मछली चोरी का आरोप लगाया था। उन्होंने बताया कि जिस महिला ने कथित तौर पर पीड़िता को थप्पड़ मारा, उसकी पहचान लक्ष्मी बाई के रूप में हुई है।

अरुण के अनुसार, घटना के सिलसिले में लक्ष्मी बाई के अलावा सुंदर, शिल्पा और एक अन्य व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने बताया कि पुलिस घटना में शामिल अन्य लोगों की पहचान करने और उन्हें गिरफ्तार करने के लिए वीडियो की जांच कर रही है।

उडुपी की उपायुक्त विद्या कुमारी ने संवाददाताओं को बताया कि इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मुख्यमंत्री सिद्धरमैया ने घटना की निंदा करते हुए ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘चाहे जो भी कारण हो, एक महिला के हाथ-पैर इस तरह से बांधना और उसके साथ मारपीट करना न केवल अमानवीय है, बल्कि एक गंभीर अपराध भी है। इस तरह का बर्बर व्यवहार कर्नाटक जैसे सभ्य राज्य के लिए अनुचित है। हमारे पास चोरी, धोखाधड़ी और जालसाजी में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए एक पुलिस विभाग और एक कानूनी प्रणाली है।’’

सिद्धरमैया ने चेतावनी देते हुए कहा कि सरकार यह बर्दाश्त नहीं करेगी कि जनता कानून को अपने हाथ में ले। उन्होंने कहा कि पुलिस शिकायत दर्ज होने पर कानून के तहत जांच करने और दोषियों को सजा देने में सक्षम है।

प्रमुख खबरें

Iran war Crisis: PM Modi एक्शन में, कल मुख्यमंत्रियों संग करेंगे High Level Meeting

Shaurya Path: Indian Army ने उतारी ड्रोन वाली घातक फौज, Shaurya Squadron से दुश्मन का खेल पल भर में होगा खत्म

इजरायल का सनसनीखेज दावा: IRGC नेवी कमांडर Alireza Tangsiri की हत्या, Iran ने साधी चुप्पी

Vijay-Sangeetha विवाद के बीच Aarti Ravi का सवाल- क्या पति की Market Value से मिलती है पत्नी को हमदर्दी?