By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 01, 2026
उज्जैन (मध्यप्रदेश), एक नवंबर मध्यप्रदेश के उज्जैन स्थित एक होटल के ओवर ग्राउंड चैंबर की सफाई के दौरान कथित तौर पर दम घुटने से चार लोगों की मौत हो गई जबकि उन्हें बचाने उतरे दो अन्य घायल हो गए। पुलिस के एक अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी। अधिकारी के मुताबिक यह हादसा उज्जैन-देवास रोड स्थित श्री गंगा होटल में शनिवार रात के समय ओवर ग्राउंड चैंबर साफ करने के दौरान हुआ।
उन्होंने बताया कि पुलिस की टीम ने उन्हें सीपीआर देकर उन्हें बचाने की कोशिश की लेकिन वे असफल रहे, जिसके बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। शर्मा ने कहा कि उन्हें बचाने के लिए दो अन्य लोग भी चैंबर में उतरे, लेकिन उनकी भी तबीयत बिगड़ गई। दोनों का अस्पताल में इलाज जारी है।
पुलिस के मुताबिक मृतकों की पहचान कमलेश तंबोली, नितिन वाहिद और मनोज मीणा के रूप में हुई है। चौथे मृतक की अभी तक पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस ने बताया कि चारों मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए हैं और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।
इस बीच होटल के मालिक ने दावा किया कि चैंबर की सफाई मोटर पंप के जरिए होती है और ऐसा लगता है कि उसमें मलबा फंस गया होगा, जिसकी सफाई के दौरान यह हादसा हुआ। उन्होंने कहा कि मलबे की सफाई के दौरान एक व्यक्ति का पैर फिसल गया और वह चैंबर में जा गिरा और उसे बचाने के क्रम में तीन अन्य भी चपेट में आ गए। मौके पर पहुंचे उज्जैन के जिलाधिकारी रोशन कुमार सिंह ने कहा कि चैंबर की सफाई के लिए लोग उसमें उतरे या फिसलकर गिर गए, इसकी जांच की जाएगी और उसके अनुरूप आगे की कार्रवाई की जाएगी।