Gayaji में जहरीली गैस से 4 लोगों की मौत, कुएं में मोटर मरम्मत के दौरान हादसा

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Aug 14, 2026

बिहार के गयाजी जिले में शुक्रवार को एक कुएं के अंदर कृषि कार्य में इस्तेमाल होने वाले मोटर की मरम्मत करने के दौरान जहरीली गैस की चपेट में आने से पिता-पुत्र समेत चार लोगों की मौत हो गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। घटना जिले के डोभी थाना क्षेत्र के गरह कर्मौनी गांव में हुई।

अधिकारियों के अनुसार मृतकों की पहचान चमारी मांझी, उसके पुत्र दिलचंद मांझी, विकास चौधरी और विजय चौधरी के रूप में हुई है। गयाजी के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) सुशील कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि कुएं के अंदर जहरीली गैस की चपेट में आने से दम घुटने के कारण चारों की मौत होने की प्रारंभिक जानकारी मिली है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कृषि कार्य में इस्तेमाल होने वाले बोरिंग उपकरण को ठीक करने के लिए सबसे पहले चमारी मांझी कुएं में उतरे थे और काफी देर तक उनके बाहर नहीं आने पर उनका पुत्र दिलचंद मांझी कुएं में गया।

उन्होंने बताया कि इसके बाद विकास चौधरी और विजय चौधरी भी उन्हें बचाने के लिए कुएं में उतर गए। एसएसपी ने कहा, “कुएं में उतरने वाले चारों लोगों की मौत हो गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, कुएं के अंदर जहरीली गैस के कारण दम घुटने से उनकी जान गई।” घटना की सूचना मिलने पर दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और बचाव अभियान शुरू किया।

इस दौरान दमकलकर्मी अजीत कुमार भी जहरीली गैस की चपेट में आकर बेहोश हो गए। बाद में उन्हें होश आ गया और उनकी स्थिति सामान्य हो गई। पुलिस ने इसके बाद कुएं से चारों शवों को बाहर निकाला।

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने घटना पर शोक व्यक्त किया और अधिकारियों कोमृतकों के आश्रितों को तत्काल चार-चार लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने का निर्देश दिया। मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर कहा कि गया में कुएं के अंदर जहरीली गैस की चपेट में आने से चार लोगों की मौत की खबर बेहद दुखद है। उन्होंने शोक संतप्त परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्माओं की शांति की कामना की।

उन्होंने कहा कि मृतकों के आश्रितों को तत्काल चार-चार लाख रुपये की अनुग्रह सहायता उपलब्ध कराने तथा प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता देने के निर्देश दिए गए हैं।

प्रमुख खबरें

Adani Group का पूंजीगत व्यय 41 प्रतिशत बढ़कर 2.2 लाख करोड़ रुपये होने का अनुमान

संसद में Delimitation Bill पर घमासान, जानिए महिला आरक्षण से जुड़ा पूरा विवाद

Trump Officials के सैन्य ठिकानों में रहने पर US Lawmakers ने Pentagon से मांगा खर्च का हिसाब

पूर्व BSP विधायक Mohammad Iqbal की 995 करोड़ की संपत्ति जब्ती का आदेश इलाहाबाद हाईकोर्ट ने किया रद्द