छत्तीसगढ़ के बलरामपुर में अचानक बाढ़ आने से चार लोगों की मौत, तीन लापता

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Sep 03, 2025

छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में एक छोटे बांध का एक हिस्सा टूट जाने से अचानक आयी बाढ़ के चलते चार लोगों की मौत हो गई और तीन अन्य लापता हो गए। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस घटना में तीन अन्य घायल भी हुए हैं।

जिलाधिकारी ने बताया, ‘‘एक महिला और उसकी सास समेत चार लोगों की उस समय मौत हो गई जब वे अपने घरों में सो रहे थे। तीन लोग अब भी लापता हैं और तलाश अभियान जारी है।’’ उन्होंने बताया कि सूचना मिलते ही जिला प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गईं।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इस घटना पर दुख व्यक्त किया है। उन्होंने एक बयान में कहा कि सरकार स्थिति पर नज़र रख रही है और प्रभावित परिवारों को हर संभव सहायता प्रदान करेगी। उन्होंने कहा कि इस घटना में कई मवेशियों की भी मौत हो गयी और मकान एवं फसलें क्षतिग्रस्त हो गईं।

उन्होंने कहा कि प्रभावित परिवारों के लिए स्थिति बेहद पीड़ादायक है। मुख्यमंत्री ने कहा कि जिला प्रशासन, राष्ट्रीय आपदा मोचन बल, राज्य आपदा मोचन बल और स्थानीय अधिकारी राहत एवं बचाव कार्य चला रहे हैं तथा घायलों के उपचार के लिए पर्याप्त व्यवस्था की गई है, जबकि लापता लोगों को ढूंढने के लिए हर संभव प्रयास किया जा रहा है।

उन्होंने जिला प्रशासन को मृतकों के परिजनों तथा अन्य प्रभावितों के लिए अनुग्रह सहायता स्वीकृत करने के लिए प्रस्ताव तैयार करने, नुकसान का सर्वेक्षण करने तथा प्रभावित परिवारों को अस्थायी आश्रय, खाद्यान्न और अन्य आवश्यक वस्तुएं उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए।

प्रमुख खबरें

Maharashtra Politics: एक ही विमान में Fadnavis और Uddhav Thackeray, क्या कोई नई खिचड़ी पक रही है?

Women T20 WC: सेमीफ़ाइनल में जगह बनाने को भारत को हर हाल में दिखाना होगा दम

Stranger Things की सुपरहिट जोड़ी फिर मचाएगी धमाल, Netflix पर साथ दिखेंगे Millie Bobby Brown-David Harbour

4 साल बाद Nitish से मिले RCP Singh, क्या JD(U) में होगी उनकी वापसी?